उत्तर प्रदेश

कानपुर में लव गुरु बने ओवैसी: बोले- ”बीवी को सुबह-शाम बोलो I Love You”, सपा को दिया अल्टीमेटम


डेस्क: अपनी कड़क आवाज, तीखे सियासी बयानों और आक्रामक रुख के लिए पहचाने जाने वाले AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी का रविवार को कानपुर की धरती पर एक बिल्कुल अलग और नया रूप देखने को मिला। मंच से विरोधियों पर हुंकार भरने वाले ओवैसी इस बार लव गुरु के अवतार में नजर आए, जब उन्होंने सार्वजनिक मंच से शादीशुदा पुरुषों को अपनी गृहस्थी खुशहाल रखने का एक अनोखा और मजेदार नुस्खा दे डाला।

मिली जानकारी के मुताबिक, कानपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि लोग छोटी-छोटी बातों पर घरों में तनाव पाल लेते हैं, जबकि रिश्ते संभालना बेहद आसान है। मुस्कुराते हुए ओवैसी बोले कि अपनी बीवी से प्यार जताने में कंजूसी मत करो। सुबह उठो और शाम को जब घर लौटो, तो दिन में 2-4 बार बीवी की आंख में आंख डालकर बोलो- I Love You My Dear! जब प्यार किया तो डरना क्या…’। ओवैसी के इस हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज पर मंच के सामने बैठी भीड़ ने जमकर ठहाके लगाए और खूब तालियां बजाईं। उन्होंने कहा कि घर में असली सुकून और बरकत तभी आती है जब मियां-बीवी के बीच इज्जत और मोहब्बत हो।

पारिवारिक नुस्खों के बीच ओवैसी ने राजनीतिक दांव चलने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने भीड़ से आई लव मोहम्मद के नारे लगवाए। विपक्ष पर चुटकी लेते हुए ओवैसी बोले कि वे आएंगे और कहेंगे- ‘आई लव यू, यू लव मी, मुझे संभालो’… लेकिन वोट मांगने वालों का यह भानुमती का कुनबा है। जब प्यार करते हो मजलिस से, तो दिल खोलकर बोलो और बेखौफ होकर वोट डालो।
चुनावी समीकरणों पर बात करते हुए AIMIM प्रमुख ने बड़ा ऐलान किया कि इस बार उनकी पार्टी कानपुर कैंट विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी उतारेगी। बीजेपी को सत्ता से बाहर रखने का दावा करते हुए ओवैसी ने विपक्षी दलों को साथ आने का न्योता दिया। समाजवादी पार्टी को सीधे आड़े हाथों लेते हुए ओवैसी ने गठबंधन के लिए 2 अक्टूबर तक की डेडलाइन तय कर दी। उन्होंने दो टूक कहा कि 2 अक्टूबर तक वे इंतजार करेंगे, इसके बाद पार्टी अपने दम पर अगली रणनीति और गठबंधन का ऐलान करेगी। राजनीतिक भाषणों में अमूमन बेहद सख्त दिखने वाले असदुद्दीन ओवैसी का यह रोमांटिक और सलाहकार वाला अंदाज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग उनके इस नए रंग पर तरह-तरह के मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *