हरियाणा

रोहतक पुलिस का बड़ा एक्शन, सांपला फ्लाईओवर के नीचे डेढ़ करोड़ का गांजा पकड़ा, 2 आरोपी गिरफ्तार

डेस्क: रोहतक पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। CIA-1 की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सांपला फ्लाईओवर के नीचे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे का वजन करीब 280 किलो है, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

CIA-1 में तैनात ASI विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नशे की बड़ी खेप लेकर कुछ लोग सांपला क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई की योजना तैयार की और सांपला फ्लाईओवर के नीचे रात करीब 11 बजे से निगरानी शुरू कर दी।
पुलिस टीम काफी समय तक मौके पर घात लगाए बैठी रही। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से संदीप और रोहित नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप उड़ीसा से स्कॉर्पियो गाड़ी के जरिए लाई गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की खेप किसके लिए लाई गई थी और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है।
पुलिस ने बरामद गांजे और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *