डेस्क: सिरसा जिले में पवित्र रिश्ते को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी जीजा ने अपनी ही नाबालिग साली को डरा-धमकाकर अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। पीड़िता जब 5 महीने की गर्भवती हो गई, तब जाकर इस खौफनाक सच का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नाबालिग पीड़िता की तबीयत अचानक बिगड़ने और पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टरों ने पीड़िता के 5 माह की गर्भवती होने की पुष्टि की। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। जब परिजनों ने प्यार और सख्ती से पूछताछ की, तो पीड़िता ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई।
डरा-धमकाकर चुप कराता आरोपी
पीड़िता ने बताया कि उसके जीजा ने डरा-धमकाकर और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ गलत काम किया। आरोपी उसे किसी को भी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था, जिसके डर से वह कई महीनों तक चुप रही।
परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर संबंधित थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच में जुटी है।

