दरभंगा/ निशांत झा : शहर के बंगलागढ़ स्थित पूर्व महापौर एवं वरिष्ठ राजद नेता ओमप्रकाश खेड़िया और पूर्व महापौर बैजयंती देवी खेड़िया के आवासीय परिसर में सोमवार को 89वें श्री गणेश जन्मोत्सव की शुरुआत हुई। छह दिवसीय पूजनोत्सव का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान और मंगलाचरण के साथ किया गया।
प्रधान पुरोहित पंडित महेश ठाकुर के पौरोहित्य में भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस अवसर पर पूरे परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
पूर्व महापौर ओमप्रकाश खेड़िया ने बताया कि उनके परिवार में पिछले 89 वर्षों से गणेश जन्मोत्सव की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि भगवान सिद्धिविनायक विघ्नों को दूर करने वाले हैं। उनकी आराधना से परिवार, समाज और विश्व में शांति, समृद्धि एवं सिद्धि की कामना की जाती है।
पूजन में पवन खेड़िया, आशा खेड़िया, अमित खेड़िया, अभिनय खेड़िया, प्रतिभा खेड़िया, अमृता खेड़िया, पर्ल, रुद्रप्रताप और विवान सहित परिवार के अन्य सदस्य शामिल हुए।
बताया गया कि छह दिनों तक चलने वाले इस पूजनोत्सव में दरभंगा शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु बंगलागढ़ स्थित खेड़िया निवास पहुंचकर भगवान श्री गणेश का दर्शन और पूजन करते हैं।

