डेस्क: मंगोलिया के राष्ट्रपति उखनागीन खुरेलसुख का एक ऐसा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है, जिसे देखकर राजनेताओं की पारंपरिक छवि पूरी तरह बदल गई है. अमूमन सूट-बूट में नजर आने वाले नेताजी ने फौजियों के बीच पहुंचकर कुछ ऐसा कर दिखाया, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी. फॉर्मल कपड़ों में ही उन्होंने 100 किलो वजन उठाकर ऐसा कमाल किया कि हर कोई हैरान रह गया.
यह रोमांचक वाकया तब का है जब मंगोलिया के राष्ट्रपति सेना की 084वीं मिलिट्री यूनिट का दौरा करने पहुंचे थे. वहां जवानों का हौसला बढ़ाने के दौरान माहौल अचानक तब बदला जब राष्ट्रपति ने अपनी जैकेट और घड़ी उतारी, कमीज की बांहें मोड़ीं और सीधे जिम बेंच पर लेट गए. उन्होंने बिना किसी प्रोफेशनल जिम किट के सीधे 100 किलोग्राम वजन का बारबेल उठाया और एक के बाद एक लगातार 20 बेंच प्रेस पूरे कर दिए.
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतना भारी वजन उठाने के बाद भी उनके चेहरे पर थकान का कोई नामोनिशान नहीं था. उन्होंने बड़े आराम से वर्कआउट खत्म किया, सैनिकों से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए वापस अपना कोट पहनकर अपनी राह पकड़ी.
58 साल की उम्र में इस तरह का स्टैमिना दिखाना कोई आम बात नहीं है. इसके पीछे राष्ट्रपति खुरेलसुख का पुराना बैकग्राउंड है. राजनीति में आने से पहले वे मंगोलियाई सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और लंबे समय से बॉडीबिल्डिंग के साथ-साथ मार्शल आर्ट्स में भी सक्रिय रहे हैं. उनकी फिटनेस का यही राज दुनिया भर के इंटरनेट यूजर्स को हैरान कर रहा है.
राष्ट्रपति खुरेलसुख सिर्फ राजनीति और जिम तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका शौक का दायरा काफी बड़ा है. वे ‘पॉल्स’ नाम के एक रॉक बैंड में गिटार बजाने का हुनर भी रखते हैं. इसके अलावा वे मंगोलिया में हार्ले-डेविडसन फैन क्लब के संस्थापक भी हैं. उनकी यही कूल और धाकड़ पर्सनैलिटी सोशल मीडिया पर उन्हें युवाओं के बीच और ज्यादा लोकप्रिय बना रही है.

