माधोपुर,नवादा एवं डाक बंगला स्थित स्थलों का लिया जायजा
दरभंगा 10 सितंबर 2026:-जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज बेनीपुर प्रखंड अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि के चिन्हांकन को लेकर विभिन्न स्थलों का स्थल निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने बेनीपुर प्रखंड के माधोपुर, नवादा एवं डाक बंगला स्थित स्थलों का बारी-बारी से निरीक्षण कर वहां उपलब्ध भूमि, स्थल की स्थिति, पहुंच मार्ग, भौगोलिक स्थिति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों से प्रस्तावित स्थलों से संबंधित भूमि अभिलेख, उपलब्ध रकबा, भूमि की प्रकृति एवं स्वामित्व की स्थिति सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की जानकारी ली।
उन्होंने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए निर्धारित आवश्यकताओं के अनुरूप स्थल की उपयुक्तता का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता सुश्री कल्पना रावत, अनुमंडल पदाधिकारी, बेनीपुर, भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर), बेनीपुर, अंचलाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

