खेल

नागोया में 136 साल की सबसे खतरनाक बारिश, खतरे में एशियन गेम्स

डेस्क: कार डूब गई, बाइक्स डूब गईस सड़क बन गई सैलाब और नुकसान हुआ बेहिसाब…एशियन गेम्स से पहले जापान के नागोया में मानो तबाही की बारिश आई और फिर इस शहर में बाढ़ जैसे हालात हो गए. 19 सितंबर से एशियन गेम्स का आगाज होना है और उससे पहले जापान का ये शहर बडी मुसीबत में फंस गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक नागोया में महज एक घंटे में 104.5 मिली मीटर बारिश हो गई जिसकी वजह से पूरे शहर में बाढ़ आ गई. बता दें 136 सालों के बाद नागोया में इतनी ज्यादा बारिश हुई है. 1890 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से ये एक घंटे में सबसे ज्यादा बारिश है.

नागोया का सीवेज सिस्टम काफी कमाल का है लेकिन इतनी ज्यादा बारिश की वजह से वो भी ध्वस्त हो गया. बाढ़ की वजह से सड़कें डूब गई, यातायात ठप हो गया. कार-बाइक्स सड़कों पर बहती नजर आई. मौसम अधिकारियों ने उच्चतम स्तर की बाढ़ की चेतावनी भी जारी कर दी है. इस बाढ़ की वजह से एशियन गेम्स के लिए नागोया पहुंचे खिलाड़ी भी मुसीबत में फंस गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक 400 से ज्यादा खिलाड़ियों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. नागोया के अधिकारियों का कहना है कि हर खिलाड़ी सुरक्षित है. बता दें भारतीय हॉकी टीम भी जापान पहुंच चुकी है.

नागोया शहर के चिकुसा, मोरियामा, मेइटो वार्ड में सबसे ऊंचे लेवल 5 की चेतावनी जारी की गई है. शोनाई नदी, याडा नदी पर भी बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है. कुछ नदियों में जलस्तर बाढ़ के स्तर तक पहुंच गया या उससे ऊपर चला गया. इस बाढ़ की वजह से 200 से ज्यादा गाड़ियां फंस गई, कई अंडरपास और अंडरग्राउंड इलाके बंद कर दिए गए. कई लोगों के घरों में भी पानी घुस गई. कुछ लोगों को चोट आई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक 3000 से ज्यादा लोगों ने सुरक्षित इलाकों में शरण ली है.
नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा की मानें तो इस बाढ़ की वजह से आयोजन स्थलों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. एशियन गेम्स तय समय पर ही शुरू होंगे. एशियाई खेल 4 अक्टूबर तक चलेंगे, जिसमें 45 देशों के 11000 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *