राष्ट्रीय

16 बार पार की नदी, जंगल में गर्भवती महिला के लिए ‘देवदूत’ बने SSB जवान

डेस्क: बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल के नौरंगिया दोन क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (SSB) के जवानों ने एक बार फिर अपनी तत्परता से एक गर्भवती महिला की जान बचाकर इंसानियत की मिसाल पेश की है. वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में बसे इस इलाके में बारिश के कारण रास्ते पूरी तरह ठप हो गए थे, जिसके बाद जवान महिला के लिए देवदूत बनकर सामने आए.
क्षेत्र में सड़कें खराब होने और जलभराव के चलते सामान्य वाहनों की आवाजाही नामुमकिन थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SSB जवानों ने अपनी विशेष 4×4 एम्बुलेंस निकाली. उफान मारती हरहा-भापसा नदी और उसके नालों को करीब 16 बार पार करते हुए जवानों ने 18 किलोमीटर का खतरनाक सफर तय किया और महिला को सुरक्षित हरनाटांड अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल में वक्त पर दाखिला मिलने की वजह से महिला को तुरंत डॉक्टरी सहायता मिल सकी, जिससे उसकी और बच्चे की स्थिति अब नियंत्रण में है. तमाम भौगोलिक चुनौतियों और उफनती नदियों के बीच जवानों का यह त्वरित कदम स्थानीय ग्रामीणों के लिए भारी राहत और भरोसे का सबब बना है. उल्लेखनीय है कि इससे पहले अगस्त माह में भी बगहा से एक ऐसा ही मामला सामने आ चुका है, जहां सीमा सुरक्षा बल के जवान एक गर्भवती महिला के लिए देवदूत बने थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *