बिहार

पहले छात्रा से रे/प, फिर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर किया वायरल, पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी शिक्षक

डेस्क: बिहार में बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहीर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय से जुड़ी एक नाबालिग पूर्व छात्रा के साथ दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को आरोपित शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपित शिक्षक के बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मामले में नामजद शिक्षक अरविंद कुमार और विद्यालय के प्रधानाचार्य मो. इमाम अली अंसारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस तरह मामले के तीनों नामजद आरोपित पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में दोनों शिक्षकों पर नाबालिग पूर्व छात्रा के साथ दुष्कर्म करने, उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने और वीडियो के जरिए उसे धमकाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया गया है। प्रधानाचार्य पर घटना की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने और मामले को छिपाने का प्रयास करने का आरोप है।

नाबालिग छात्रा ने पुलिस को दिए गए बयान में आरोप लगाया है कि 28 अगस्त को उसे जानकारी मिली कि शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद ने उसका आपत्तिजनक वीडियो गांव के कुछ युवकों को भेज दिया है। इस मामले में यह भी आरोप है कि 29 अगस्त को ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर प्रधानाचार्य से शिक्षकों के संबंध में शिकायत की थी, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस प्रधानाचार्य की भूमिका और शिकायत के बाद उनके द्वारा उठाए गए कदमों की भी जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपों से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में साक्ष्यों के आधार पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *