डेस्क:कुरुक्षेत्र की शोरगिर बस्ती में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। मामले में पुलिस ने 14 सितंबर को शादी करने जा रहे दूल्हे चांद समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए हैं। सोमवार को घायल पक्ष के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस पर उनकी शिकायत नहीं सुनने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
दूल्हे के पिता के अनुसार, रविवार को वह अपने बेटे की शादी के कार्ड बांटने पंजाब गए हुए थे। इसी दौरान घर पर डीजे बजाने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया। उनका आरोप है कि पड़ोसी पक्ष के लोग जुआ खेल रहे थे और शादी वाले घर में बज रहे डीजे को बंद करने की धमकी दे रहे थे। DJ बंद नहीं करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी पत्नी समेत परिवार के कई सदस्यों को चोटें आईं।
परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल परिवार की शिकायत सुनने के बजाय दूल्हे चांद को अपने साथ ले गई। परिवार का यह भी आरोप है कि पुलिस चांद के नाबालिग बेटे को भी साथ ले गई। परिजनों के मुताबिक, चांद की शादी 14 सितंबर को तय है और शादी से महज छह दिन पहले उसकी गिरफ्तारी से परिवार के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
परिवार ने आरोप लगाया कि मारपीट में चांद की मां को भी चोटें आई हैं, लेकिन घायल होने के बावजूद उनकी शिकायत और मेडिकल कार्रवाई पर उचित ध्यान नहीं दिया गया। इसी को लेकर सोमवार को परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस के खिलाफ रोष जताया।
वहीं, सुभाष मंडी चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। दोनों शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दूल्हे चांद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोनों पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

