नई दिल्ली : दिवाली और छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे रेल यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान बड़ी तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार और मंगलवार सुबह 8 बजे सामान्य टिकट बुकिंग शुरू होते ही IRCTC वेबसाइट, RailOne ऐप और IRCTC के बीटा वर्जन पर हाईलोड की समस्या सामने आई। करीब 50 मिनट तक कई यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान परेशानी हुई।
8 बजते ही दिखने लगा ‘High Load’ का मैसेज-
सुबह 8 बजे टिकट बुकिंग शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों ने ट्रेन और सीट की उपलब्धता देखने की कोशिश की। इसी दौरान वेबसाइट और ऐप पर “We Are Experiencing High Load – Please Retry” का संदेश दिखाई देने लगा। कई यात्रियों के मुताबिक वे बार-बार प्रयास करते रहे, लेकिन बुकिंग प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
तकनीकी विशेषज्ञों के मुताबिक जब किसी सिस्टम पर एक साथ बहुत ज्यादा रिक्वेस्ट आती हैं तो सर्वर पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में सिस्टम को पूरी तरह क्रैश होने से बचाने के लिए HTTP 429 या 503 जैसे स्टेटस रिस्पॉन्स दिए जा सकते हैं।
हाईलोड खत्म हुआ तो कई ट्रेनें वेटिंग में पहुंचीं-
सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि करीब 50 मिनट बाद जब हाईलोड की समस्या कम हुई, तब तक कई लोकप्रिय ट्रेनों में उपलब्ध सीटें तेजी से खत्म हो चुकी थीं और यात्रियों को वेटिंग लिस्ट दिखाई देने लगी। रिपोर्ट के मुताबिक रानीखेत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी सुबह करीब 8:50 बजे तक वेटिंग शुरू हो गई थी।
RailOne और बीटा वर्जन से भी नहीं मिली राहत-
रेलवे की डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था को आसान बनाने के लिए RailOne ऐप और IRCTC के बीटा वर्जन का इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन टिकट बुकिंग के पीक समय में इन प्लेटफॉर्म पर भी हाईलोड की शिकायतें सामने आईं। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।
सोशल मीडिया पर यात्रियों का गुस्सा-
टिकट बुक नहीं होने से परेशान यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की। कई यात्रियों ने कहा कि वे समय से पहले लॉगिन करके बैठे थे, लेकिन 8 बजे बुकिंग खुलते ही वेबसाइट और ऐप हाईलोड दिखाने लगे। कुछ यात्रियों ने लगातार कई दिनों तक प्रयास करने के बावजूद टिकट नहीं मिलने की शिकायत की।
त्योहारों में बढ़ जाती है टिकट की मांग –
दिवाली 2026 को 8 नवंबर को मनाई जाएगी। त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है, जिसके कारण प्रमुख रूटों पर टिकटों की मांग भी तेज रहती है। रेलवे ने यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है और कई रूटों पर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें भी घोषित की हैं।
फिलहाल IRCTC की ओर से हाईलोड की इस समस्या पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि त्योहारों के दौरान जब टिकट बुकिंग का दबाव पहले से अनुमानित होता है, तब डिजिटल टिकटिंग सिस्टम को उस अतिरिक्त लोड के लिए कितनी प्रभावी तरीके से तैयार किया गया है।
आशुतोष झा

