डेस्क:पटना । बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार बाढ़ और आपदा की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और सरकार का पूरा ध्यान प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने पर है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान इस बात पर है कि आपदा की इस घड़ी में लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने कहा, “हम सबका प्रयास है कि लोगों को इस आपदा के समय में भी कम से कम समस्या हो। सरकार पूरी तरह से जनता के लिए खड़ी रहे, यही हमारा प्रयास है।”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार भी बिहार में उत्पन्न स्थिति को लेकर गंभीर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर विषय का संज्ञान लेते हैं और आपदा से जुड़े मामलों पर भी लगातार नजर रखी जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि नेपाल में हुई घटनाओं के बाद से बिहार में परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं। इसके बाद बारिश के कारण भी कई इलाकों में स्थिति और प्रभावित हुई है। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता लोगों को राहत और सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की निगरानी में राहत और बचाव से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को मुश्किल परिस्थितियों में भी राहत मिले और उन्हें अपनी समस्याओं का समाधान दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि आपदा के समय सरकार की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। ऐसे समय में प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचनी चाहिए। भाजपा अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री की निगरानी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार की कोशिश रहेगी कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और जरूरत के मुताबिक उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाए।

