डेस्क:केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार को कहा कि दक्षिणपंथी इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज ने वायरल वीडियो में उनके नाम का दुरुपयोग किया है। उन्होंने इस मामले में स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है और नाबालिग छात्रा निशु आजाद व उसके परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। यह मामला उस कथित वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज ने जंतर-मंतर पर हुए हालिया प्रदर्शन के दौरान छात्रा निशु आजाद के पिता के साथ मारपीट करने का दावा किया था। वीडियो में उसने यह भी कहा कि राजनीतिक संपर्क होने की वजह से दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। पटना में पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा, “कोई व्यक्ति खुलेआम यह स्वीकार कर रहा है कि उसने किसी को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी जान भी जा सकती थी। अगर पॉडकास्ट में ऐसा कबूल करने के बाद भी उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है, तो यह देश और समाज के सामने बेहद गलत उदाहरण होगा।”
चिराग पासवान ने कहा कि स्वतंत्र भारद्वाज ने उनके साथ-साथ कई अन्य नेताओं के नाम का भी गलत इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा, “मामले की गंभीरता को देखते हुए मैंने उसके खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है और दिल्ली पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।”
उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में लोगों से मिलना-जुलना सामान्य बात है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि हर मिलने वाला व्यक्ति किसी नेता का करीबी या परिचित हो।
उन्होंने कहा, “यह कहना गलत है कि स्वतंत्र भारद्वाज मुझे व्यक्तिगत रूप से जानता है। मेरे नाम का इस तरह इस्तेमाल करना पूरी तरह गलत है।”
एलजेपी (रामविलास) प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी निशु आजाद और उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, “हम यह जिम्मेदारी लेते हैं कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले। मेरे ऊपर यह आरोप लगाया गया कि मेरे या अन्य नेताओं के समर्थन के कारण आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई। अब हम सुनिश्चित करेंगे कि सच सामने आए और कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाने वाले आरोपी को सख्त सजा मिले।”
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग थाने के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद आश्वासन दिया था कि स्वतंत्र भारद्वाज को पॉक्सो, एससी/एसटी एक्ट और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाएगा।

