खेल

अहमदाबाद:पहली बार हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज की मेजबानी करेगा भारत

डेस्क: अहमदाबाद। भारत पहली बार हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज की मेजबानी करने जा रहा है। 5 से 9 सितंबर तक अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर होने वाले इस बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 20 देशों के 100 से ज्यादा पैरा तीरंदाज हिस्सा लेंगे।

अहमदाबाद में होने वाला यह टूर्नामेंट 2026 हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज का तीसरा चरण होगा। इससे पहले पहला चरण अप्रैल में बैंकॉक और दूसरा चरण 30 जून से 4 जुलाई तक चेकिया के नोवे मेस्टो में आयोजित किया गया था। सीरीज का चौथा और आखिरी चरण अक्टूबर में चिली के सैंटियागो में होगा।

 

कई बड़े पैरा तीरंदाज उतरेंगे प्रतियोगिता में

 

भारत की ओर से कई बड़े पैरा तीरंदाज इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इनमें पेरिस पैरालंपिक के चैंपियन हरविंदर सिंह, विश्व पैरा आर्चरी चैंपियन और पैरालंपिक पदक विजेता शीतल देवी, अर्जुन पुरस्कार विजेता और विश्व पैरा आर्चरी पदक विजेता राकेश कुमार और पैरालंपियन श्याम सुंदर स्वामी शामिल हैं। भारतीय टीम में कुल 29 तीरंदाज शामिल हैं।

 

टीम फिलहाल गांधीनगर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में तैयारी कर रही है। भारतीय टीम के 11 खिलाड़ियों का चयन जापान में होने वाले आगामी आइची-नागोया एशियन गेम्स के लिए भी हुआ है। ऐसे में अहमदाबाद का यह टूर्नामेंट भारतीय खिलाड़ियों के लिए खुद को परखने का बड़ा मौका होगा।

चार वर्गों में होंगे मुकाबले

 

टूर्नामेंट में रिकर्व ओपन, कंपाउंड ओपन, डब्ल्यू1 और दृष्टिबाधित वर्ग में मुकाबले खेले जाएंगे।इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, ग्रेट ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, हंगरी, इंडोनेशिया, ईरान, कजाकिस्तान, मैक्सिको, स्लोवाकिया, अमेरिका, उज्बेकिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, साइप्रस, चेकिया, इराक, रूस और श्रीलंका के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

 

4 सितंबर को होगा औपचारिक उद्घाटन

 

टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन 4 सितंबर को होगा। उद्घाटन समारोह की थीम ‘हर तीर हिम्मत की कहानी कहता है’ रखी गई है। इसके जरिए पैरा खिलाड़ियों के साहस, मेहनत और जज्बे को सम्मान दिया जाएगा।

 

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि इस प्रतियोगिता से पैरा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के खिलाफ अपने देश में खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में इस तरह के बड़े आयोजन से गुजरात की अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की पहचान और मजबूत होगी।

 

भारतीय तीरंदाजों को मिलेगा बड़ा फायदा

 

आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने कहा कि अहमदाबाद में दुनिया के शीर्ष पैरा तीरंदाजों को लाना भारतीय खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे भारतीय तीरंदाजों को घरेलू मैदान पर विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने और उनसे सीखने का मौका मिलेगा।

 

आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि ये आयोजन भारत में पैरा आर्चरी को और मजबूत करने में मदद करेगा। इससे खिलाड़ियों, कोचों और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी समुदाय को एक मंच पर आने का मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *