राष्ट्रीय

बिहार में 48 घंटे का ‘ग्रीन लॉकडाउन’! इस गांव में क्यों लगा प्रतिबंध?

डेस्क: बिहार की एक पंचायत में 48 घंटे का ‘ग्रीन लॉकडाउन’ लगाया गया. इस दौरान गांव में खेतों में काम, मजदूरी, और अनावश्यक आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई. इतना ही नहीं बाहरी यहां बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई. पेड़-पौधे, पत्तियां, घास और तिनका तोड़ने से भी मना कर दिया गया. ये सबकुछ किया गया बिहार में नेपाल सीमा से सटे पश्चिमी चंपारण के थारू बहुल संतपुर-सोहरिया पचांयत में.
यहां पंचायत ने 48 घंटे का ग्रीन लॉकडाउन किया. ये सब प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की सदियों पुरानी परंपरा को जीवंत करते हुए किया गया. यहां पारंपरिक पर्व बरना के दौरान ग्रीन लॉकडउन लगाया गया. यहां मान्यता है कि मॉनसून के बाद जंगल और खेत नई वनस्पतियों से भर उठते हैं. ऐसे में गांव वाले 2 दिन तक खुद को घरों में सीमित रखकर और मानवीय हस्तक्षेप न करके नवांकुरों को पनपने का मौका देते हैं.

ग्रामीण दो दिन तक खुद को घरेलू जीवन तक सीमित रखते हैं. बरना पर्व से पहले ही गांव में मवेशियों के चारे और भोजन की व्यवस्थाएं कर ली जाती हैं. नियमों का उल्लंघन करने पर सामुदायिक स्तर पर जुर्माना भी लगाया जाता है. सोमवार को बरना पर्व की शुरुआत पर ब्रह्म स्थान पर वन देवी की पूजा की गई. इसके बाद पीपल के पेड़ की पूजा-अर्चना की गई.
पीपल को स्थानीय परंपरा में ‘बरखाना’ कहा जाता है. मंत्रोच्चार किया गया. महिलाओं ने भोग अर्पित कर परिवार और समुदाय की सुख-समृद्धि की कामना की. समुदायिक नियमों के पालन के लिए चार दिशाओं और चारों कोनों में आठ ‘डेंगवाहकों’ की तैनाती की गई. डेंगवाहकों ने लाठी लेकर गांव की सिमाओं पर पहरा दिया, ताकि बरना पर्व का कोई भी नियम न टूटे. दो दिन का ये ग्रीन लॉकडाउन हटा लिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *