दरभंगा की बेटी का कमाल! MRM कॉलेज की नम्रता संजय झा को मुंबई में IGA 2026 अवॉर्ड, सुपरस्टार अजय देवगन ने किया सम्मानित, 15 साल से कर रहीं समाजसेवा।
15 वर्षों की समाजसेवा को मिला सम्मान: नम्रता संजय झा को IGA 2026 में अजय देवगन ने किया सम्मानित
महिला सशक्तिकरण और बाल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुंबई में मिला सम्मान
मुंबई / दरभंगा। महिला सशक्तिकरण और बाल शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से निरंतर काम कर रही नम्रता संजय झा को मुंबई में आयोजित IGA 2026 (Indian Glory Awards) समारोह में बॉलीवुड सुपरस्टार एवं पद्म श्री सम्मानित अजय देवगन के हाथों सम्मानित किया गया।
नम्रता संजय झा की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन की सफलता है, बल्कि उन तमाम महिलाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा है, जिनके बेहतर भविष्य के लिए वह लंबे समय से काम कर रही हैं।
पढ़ाई के दौरान ही देखा था समाजसेवा का सपना
नम्रता संजय झा बताती हैं कि पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सपना देखा था कि सफलता सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं और बेटियों के उत्थान के लिए भी हासिल करनी है। इसी सोच को उन्होंने अपने जीवन का उद्देश्य बनाया और पिछले 15 वर्षों से महिला सशक्तिकरण एवं चाइल्ड एजुकेशन के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
उनका मानना है कि समाज में बदलाव के लिए बड़े पद या बड़े संसाधनों का होना जरूरी नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, ईमानदारी और समर्पण चाहिए।

सरकारी नौकरी के साथ बेटियों की सेवा को बनाया मिशन
अपने जीवन की दूसरी पारी में नम्रता संजय झा बिहार सरकार की कर्मचारी के रूप में *L.N.M.U. के अंतर्गत MRM कॉलेज, दरभंगा की लाइब्रेरी* में कार्यरत हैं। सरकारी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए भी वह कॉलेज की बेटियों के हित और उनकी सेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं।
नम्रता कहती हैं – “आप किसी भी पद पर कार्यरत क्यों न हों, अगर आप उस जिम्मेदारी को अपना 100 प्रतिशत देते हैं, तो वही कार्य समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान बन जाता है।”
सम्मान को बताया सामूहिक उपलब्धि
IGA 2026 में मिले इस सम्मान के बाद नम्रता संजय झा ने कहा कि यह सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है। उन्होंने अपनी सफलता के लिए ‘नन्ही दुनिया’ से जुड़े सभी सदस्यों एवं स्टाफ तथा MRM कॉलेज के सभी कर्मियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और प्रोत्साहन ने उनकी यात्रा को मजबूती दी है और यह सम्मान उन्हें महिला सशक्तिकरण, बाल शिक्षा और बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देगा।

