खेल

गेमिंग की दुनिया में रोहित शर्मा की एंट्री, eCricket में किया निवेश

डेस्क: क्रिकेट के मैदान पर अपनी बैटिंग से राज करने वाले रोहित शर्मा अब गेमिंग की दुनिया में भी बड़ा कदम रख चुके हैं. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने गेमिंग स्टूडियो लाइटफ्यूरी गेम्स में एक निवेशक के तौर पर एंट्री ली है. सिर्फ इतना ही नहीं, फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी ये है कि रोहित इस कंपनी के अपकमिंग गेम ‘ई-क्रिकेट’ (eCricket) में एक आधिकारिक लाइसेंस प्राप्त खिलाड़ी के रूप में भी नजर आएंगे. इसका मतलब है कि अब आप जल्द ही अपने डिवाइस पर हिटमैन के साथ वर्चुअल मैदान पर भी बड़े शॉट्स लगा सकेंगे.
गेमिंग को लेकर युवाओं में हमेशा भारी क्रेज रहता है. लाइटफ्यूरी गेम्स अपने नए प्रोजेक्ट ई-क्रिकेट को लेकर काफी उत्साहित है. कंपनी सितंबर 2026 में इस गेम का क्लोज्ड बीटा वर्जन शुरू करने जा रही है. गेम को लेकर गेमिंग कम्युनिटी में अभी से शानदार माहौल है. अब तक 3 लाख से ज्यादा फैंस इस गेम के लिए साइन-अप कर चुके हैं. बीते वीकेंड पर रिलीज हुए गेम के ऑफिशियल टीजर को भी 10 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. गेम डेवलपर्स का मानना है कि टॉप लेवल क्रिकेट में रोहित का लंबा अनुभव इस गेम को ज्यादा असली, सटीक प्रतिस्पर्धी बनाने में काफी मदद करेगा.

रोहित इस गेमिंग कंपनी में पैसा लगाने वाले अकेले स्टार नहीं हैं. वो लाइटफ्यूरी गेम्स में निवेश करने वाले आठवें बड़े क्रिकेटर बन गए हैं. उनसे पहले एमएस धोनी, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, तिलक वर्मा के साथ साई सुदर्शन भी कंपनी में रणनीतिक निवेशक के तौर पर जुड़ चुके हैं. कंपनी ने 2026 में अपनी ग्लोबल क्रिकेट गेमिंग फ्रेंचाइजी के विकास को तेज करने के लिए 1.1 करोड़ डॉलर (11 मिलियन) का नया फंड जुटाया है.
गेम का सबसे खास हिस्सा इसका ‘अल्टीमेट स्क्वॉड’ मोड होने वाला है. इस मोड में दुनिया भर के 700 से ज्यादा असली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. गेमर अलग-अलग कॉम्बिनेशन बनाकर अपनी खुद की टीम तैयार कर सकेंगे. गेम के रोमांच को दोगुना करने के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की कमेंट्री भी इसमें सुनने को मिलेगी. सिद्धू अपनी खास ऊर्जा से गेमप्ले को एक अलग ही स्तर पर ले जाएंगे.

लाइटफ्यूरी गेम्स की शुरुआत 2024 में करण श्रॉफ, अनुराग बनर्जी टीना बालचंद्रन ने की थी. फिलहाल कंपनी में 120 से ज्यादा डेवलपर्स दिन-रात काम कर रहे हैं. कंपनी के को-फाउंडर करण श्रॉफ का विजन भारत से एक ग्लोबल गेम फ्रेंचाइजी तैयार करना है. रोहित शर्मा ने भी इस मौके पर कहा कि वो लाइटफ्यूरी के वर्ल्ड क्लास क्रिकेट अनुभव बनाने के विजन से काफी प्रभावित हैं. सितंबर में बीटा टेस्टिंग के बाद इस साल के अंत तक ये गेम सभी के लिए लॉन्च कर दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *