जिला

आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध करने को लेकर हुई बैठक*

*डीएम ने अस्पतालों की नियमित जाँच करने का दिया निर्देश*

दरभंगा, 22 अगस्त 2026 :-

जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध किए जाने तथा जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में संचालित निजी अस्पतालों को योजना के तहत सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया की समीक्षा की तथा पात्र अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को अस्पतालों की नियमित रूप से जाँच करते रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सूचीबद्ध अस्पतालों में योजना के निर्धारित प्रावधानों एवं मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी नियमित निगरानी की जाए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक संसाधन, चिकित्सकीय व्यवस्था एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सदर अस्पताल, गंगवाड़ा में सिजेरियन डिलीवरी, ऑर्थोपेडिक, सामान्य सर्जरी सहित अन्य आवश्यक सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार की सुविधा मिल सके।

  • उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ.अरुण कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी श्री अमरेंद्र कुमार मिश्रा, एनसीडीओ श्री सत्येंद्र कुमार, डीपीएम स्वास्थ्य श्री प्रभात कुमार राजू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन,डीसीएम श्री रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।*डी.पी.आर.ओ*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *