डेस्क: कनाडा (Canada) के एडमॉन्टन में स्थित नानकसर गुरुद्वारे (Nanaksar Gurudwara) में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शख्स ने स्क्रूड्राइवर से हमला (Attack with screwdriver) कर दिया। घटना में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल हमले के मकसद का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच एडमॉन्टन पुलिस की हेट क्राइम्स यूनिट कर रही है।
सुबह प्रार्थना के दौरान हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, एडमॉन्टन के उत्तर-पूर्वी इलाके में स्थित नानकसर गुरुद्वारे में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे प्रार्थना चल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति स्क्रूड्राइवर लेकर वहां पहुंचा और अचानक हमला शुरू कर दिया। हमले से गुरुद्वारे में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, घटना में दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हमलावर को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया है।
हेट क्राइम यूनिट कर रही जांच
एडमॉन्टन पुलिस सर्विस के एक्टिंग इंस्पेक्टर एरिक स्टीवर्ट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। मामले को हेट क्राइम्स यूनिट को भी सौंपा गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि हमले के पीछे कोई धार्मिक या अन्य मकसद था या नहीं। पुलिस हमलावर की पहचान, उसकी मंशा और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
टोरंटो में भारतीय मूल की महिला की हत्या का मामला भी चर्चा में
इसी बीच कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पार्टनर को गिरफ्तार किया है। 32 वर्षीय अब्दुल गफूरू पर हत्या का आरोप है। वह करीब सात महीने से फरार था और अंतरराष्ट्रीय अभियान के बाद उसे विदेश से कनाडा लाया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, हिमांशी का शव पिछले साल 20 दिसंबर को टोरंटो स्थित एक घर से मिला था। पुलिस को महिला के लापता होने की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान उसकी हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मामले को घरेलू हिंसा से जुड़ा बताया है।
आरोपी के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का वारंट
हिमांशी की मौत के बाद उसका पार्टनर अब्दुल गफूरू फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कनाडा पुलिस ने उसकी पहचान सार्वजनिक करते हुए फर्स्ट-डिग्री मर्डर का देशव्यापी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

