डेस्क: यमन और सोमालिया के तट के पास दो अलग-अलग घटनाओं में समुद्री लुटेरों ने दो कमर्शियल जहाजों को हाईजैक कर लिया। इन दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक समेत 30 क्रू सदस्य सवार थे। एमटी सिबू 1 पर 16 और एम/वी लुटुफ पर छह भारतीय नागरिक सवार थे। सोमालिया में हाईजैक किए गए जहाज पर तुर्किये के हथियार और संचार-सैटेलाइट उपकरण लदे थे। जबकि एम/वी लुटुफ और उसके चालक दल की मौजूदा स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
शिपिंग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 20 अगस्त को यमन के तट से करीब 30 नॉटिकल मील दूर अदन की खाड़ी में इरिट्रिया के झंडे वाले तेल उत्पाद टैंकर एमटी सिबू 1 को हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने अपने कब्जे में ले लिया। जहाज पर कुल 20 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 16 भारतीय नागरिक शामिल हैं। अधिकारी के अनुसार, घटना के बाद भारतीय पक्ष स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जहाज पर सवार भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।

