डेस्क: यश स्टारर फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स रिलीज से पहले ही अपने कंटेंट और सेंसर प्रमाणन (Censor Certification) को लेकर चर्चा में आ गई है। ब्रिटेन में फिल्म को ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन यानी BBFC ने 18+ रेटिंग (18+ Rating) दी है। यह प्रमाणपत्र फिल्म (Film) में मौजूद हिंसा, सेक्सुअल कंटेंट (Sexual Content), ड्रग्स, यौन हिंसा और अन्य वयस्क विषयों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। फिल्म 26 अगस्त (August 26) को सिनेमाघरों (Theatres) में रिलीज होने वाली है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म को बड़े बजट की पैन-इंडिया परियोजना के तौर पर तैयार किया गया है और इसकी कहानी अपराध तथा ड्रग्स की दुनिया के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।
UK में फिल्म की कुल अवधि 191 मिनट 41 सेकंड दर्ज की गई है। यानी दर्शकों को करीब तीन घंटे 11 मिनट लंबी फिल्म देखने को मिलेगी। BBFC के वर्गीकरण विवरण में हिंसा, सेक्स और गंभीर चोटों से संबंधित सामग्री को 5 में से 5 की उच्चतम श्रेणी दी गई है।
फिल्म के कंटेंट विवरण के मुताबिक इसमें गोलीबारी, चाकूबाजी, गला काटने, भारी हथियारों से हमले, टॉर्चर, फांसी, आगजनी और शरीर के अंगों को अलग किए जाने जैसे हिंसक दृश्य शामिल हैं। इन दृश्यों में खून-खराबे को भी प्रमुखता से दिखाया गया है। इसके साथ ही फिल्म में स्ट्रिप क्लब और कई बोल्ड तथा इंटीमेट दृश्य भी मौजूद हैं।
खतरे और डर, अभद्र भाषा, ड्रग्स, यौन हिंसा तथा आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने से जुड़े कंटेंट को भी वर्गीकरण में गंभीर श्रेणी में रखा गया है। इन पहलुओं के लिए फिल्म को 5 में से 4 की रेटिंग मिली है। यही वजह है कि UK में इसे केवल वयस्क दर्शकों के लिए प्रमाणित किया गया है।
प्रमाणन संबंधी विवरण में फिल्म की भाषा को लेकर भी एक गलती दर्ज हुई है। BBFC के रिकॉर्ड में इसे तमिल भाषा की फिल्म के रूप में दर्ज किया गया, जबकि फिल्म मुख्य रूप से कन्नड़ और अंग्रेजी में बनाई गई है। कहानी में गोवा के एक शक्तिशाली ड्रग कार्टेल लीडर की दुनिया दिखाई गई है, जो परिस्थितियों और अपने फैसलों के कारण खुद अपने पतन की ओर बढ़ता है।
टॉक्सिक की रेटिंग की तुलना धुरंधर और धुरंधर 2 से भी की जा रही है। दोनों फिल्मों को हिंसा के मामले में 5 में से 5 की रेटिंग मिली थी। हालांकि सेक्सुअल कंटेंट के मामले में धुरंधर फिल्मों की रेटिंग टॉक्सिक से कम रही। धुरंधर को इस श्रेणी में 2 और 3 की रेटिंग मिली थी, जबकि धुरंधर 2 को सेक्सुअल कंटेंट के लिए 3 की रेटिंग दी गई थी।
टॉक्सिक और धुरंधर के बीच सीधी टक्कर की चर्चा लंबे समय से होती रही है, लेकिन रिलीज शेड्यूल में बदलाव के कारण दोनों फिल्मों का मुकाबला टल गया। अब टॉक्सिक के UK प्रमाणन से फिल्म के वयस्क कंटेंट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ी है। 26 अगस्त को रिलीज के बाद यह देखना अहम होगा कि फिल्म की कहानी, स्टारकास्ट और डार्क कंटेंट को दर्शकों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है।

