डेस्क: मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की। इस मैच को टीम इंडिया ने 165 रन के बड़े अंतर से जीत लिया है। सीरीज में अब भारत की 1-0 की लीड हो गई है। इस बीच सुथार ने हरभजन सिंह के भी एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ साल 2008 में बनाया था। अब वे भारत की ओर से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बन गए हैं।
भारत बनाम श्रीलंका पहले टेस्ट की पहली पारी में सुथार ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 21.4 ओवर की गेंदबाजी में 76 रन देकर चार श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद जब दूसरी पारी में उनकी गेंदबाजी आई तो उन्होंने 23.4 ओवर में 55 रन देकर छह प्लेयर्स को आउट किया। यानी इस तरह से देखा जाए तो उन्होंने 131 रन देकर 10 विकेट लेने में कामयाबी हासिल की है।
अब मानव सुथार श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले साल 2008 में हरभजन सिंह ने श्रीलंका के खिलाफ 153 रन देकर 10 विकेट लिए थे। साल 2017 में रविचंद्रन अश्विन ने 160 रन देकर श्रीलंका के खिलाफ 10 विकेट अपने नाम किए थे। विकेट तो तीनों के बराबर हैं, लेकिन सुथार ने कम रन देकर 10 विकेट लिए हैं। खास बात ये रही कि मानव ने अपनी आखिरी 10 बॉल में चार विकेट झटक लिए। एक वक्त ऐसा लग रहा था कि मैच तीसरे सेशन तक चला जाएगा, लेकिन इसी बीच मानव की फिरकी ऐसी चली कि जिसका सामना श्रीलंकाई बल्लेबाज नहीं कर पाए।
भारत के लिए मानव सुथार ने अब तक केवल दो ही टेस्ट खेले हैं और इस दौरान 17 विकेट ले लिए हैं। इससे पहले उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था, जिसकी पहली ही पारी में छह विकेट लिए थे, इसके बाद दूसरी पारी में उन्हें एक सफलता मिली थी। इतना ही नहीं, वे बीच बीच में जरूरत पड़ने पर बल्ले से भी अपना काम करते रहते हैं। वे दो बार 5 विकेट हॉल ले चुके हैं।
इस सीरीज का अगला मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। टीम इंडिया की कोशिश होगी कि अगला मैच जीतकर श्रीलंका का सूपड़ा साफ किया जाए। इससे उसके विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जाने की संभावनाएं जिंदा रहेंगी। आने वाला हर टेस्ट भारतीय टीम के लिए अहम होने वाला है।

