करनाल जिला प्रादेशिक हरियाणा

वार्ड 13 में विकास कार्यों का निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने किया मौका-मुआयना, पार्षद की जानी मांगे

वार्ड 13 में विकास कार्यों का निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने किया मौका-मुआयना, पार्षद की जानी मांगे, समस्याएं सुन अधिकारियों को समाधान के निर्देश जारी।

अभियंता वार्डों का करें नियमित दौरा, सडक़ें, पार्क, बरसाती नाले, सीवरेज व स्ट्रीट लाईटों की करें निगरानी, समस्याओं का हो समयबद्ध समाधान।


करनाल 18 अगस्त, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए वार्ड निरीक्षण का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में निगमायुक्त ने वार्ड नम्बर 13 का पार्षद ईश कुमार गुलाटी के साथ दौरा किया। उन्होंने वार्ड में चल रहे विकास कार्यों, सडक़ों, स्ट्रीट लाईट व्यवस्था, पार्कों के रख-रखाव, सीवरेज लाईनों, बरसाती पानी की निकासी के लिए नाले-नालियों की सफाई तथा कचरा एकत्रीकरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया।


दौरे के दौरान निगमायुक्त ने वार्ड पार्षद से क्षेत्र की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं अभियंताओं को समस्याओं के उचित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और शिकायत मिलने पर संबंधित शाखा द्वारा तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

वार्ड 13 में 8 विकास कार्यों के टैण्डर, करीब 2.80 करोड़ रुपये होंगे खर्च।


निगमायुक्त ने बताया कि वार्ड नम्बर 13 में विकास से संबंधित कुल 8 कार्यों के टैण्डर लगाए गए हैं। इनमें से 2 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 2 कार्य प्रगति पर हैं। एक कार्य जल्द शुरू किया जाएगा तथा 1 अन्य कार्य का वर्क ऑर्डर जल्द जारी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 2 कार्य अभी टैण्डर प्रक्रिया में हैं। इन सभी विकास कार्यों पर लगभग 2 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कार्यों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करवाया जाए तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए।
बांसो गेट से नावल्टी रोड चौक तक नए आर.सी.सी. नाले का होगा निर्माण।
वार्ड निरीक्षण की शुरुआत नावल्टी रोड चौक से की गई। यहां पार्षद ने निगमायुक्त को बताया कि बांसो गेट से नावल्टी रोड चौक की ओर बरसाती पानी की निकासी को बेहतर बनाने के लिए नए नाले के निर्माण की आवश्यकता है। इस पर कार्यकारी अभियंता ने बताया कि आर.सी.सी. नाले के निर्माण के लिए 82 लाख 39 हजार रुपये का अनुमान तैयार किया गया है तथा कार्य टैण्डर प्रक्रिया में है। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि टैण्डर प्रक्रिया को नियमानुसार जल्द पूरा करवाकर नाले का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए, ताकि क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी की समस्या का प्रभावी समाधान हो सके।
कर्ण ताल पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन को जल्द चालू करवाने के निर्देश।
इसके पश्चात निगमायुक्त ने कर्ण ताल पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में उपलब्ध सुविधाओं, हरियाली, सफाई व्यवस्था, पेड़-पौधों की स्थिति तथा म्यूजिकल फाउंटेन का जायजा लिया। उन्होंने सहायक अभियंता (बागवानी) को निर्देश दिए कि म्यूजिकल फाउंटेन की डिवाटरिंग करवाकर आवश्यक कार्यवाही के बाद इसे दोबारा चालू करवाया जाए। पार्क के रख-रखाव का कार्य देख रही एन.जी.ओ. को निर्देश दिए गए कि पार्क में हरियाली का उचित रख-रखाव, पेड़-पौधों की नियमित ट्रिमिंग, घास कटिंग एवं साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। पार्क में नियमित रूप से पर्याप्त लेबर लगाई जाए तथा शौचालयों को साफ-सुथरी एवं उपयोग योग्य स्थिति में रखा जाए।

इस दौरान पार्क में मौजूद नागरिकों ने निगमायुक्त के समक्ष योगा शैड के निर्माण की मांग भी रखी। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क में उपलब्ध स्थान एवं अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए योगा शैड के निर्माण की फिजिबिलिटी जांची जाए और रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाए।
कार्य में लापरवाही पर एजेंसी पर सख्ताई।
वार्ड में रिपेयर कार्य के टैण्डर को देख रही एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर पार्षद ने निगमायुक्त को अवगत करवाया कि एजेंसी द्वारा अपेक्षित रूप से कार्य नहीं किया जा रहा है। इस पर निगमायुक्त ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए कि एजेंसी को नियमानुसार नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि नोटिस के बाद भी यदि एजेंसी द्वारा कार्य शुरू नहीं किया जाता है तो नियमों के तहत संबंधित एजेंसी पर पेनल्टी लगाने सहित आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि विकास एवं मरम्मत कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
श्रद्धानंद अनाथालय के सामने जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान।
श्रद्धानंद अनाथालय के आगे सडक़ पर पानी की निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आर.सी.सी. नाले का निर्माण किया जाएगा। यह नाला काम्बोज धर्मशाला तक बनाया जाएगा। इस कार्य पर लगभग 33 लाख 93 हजार रुपये की राशि खर्च होने का अनुमान है। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जाए तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं बरसाती पानी की निकासी की क्षमता का विशेष ध्यान रखा जाए।
सदर बाजार से अतिक्रमण हटाने के निर्देश।
सदर बाजार मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत भी निगमायुक्त के संज्ञान में लाई गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ से अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सडक़ एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और नागरिकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसलिए बाजार क्षेत्र में नियमित निगरानी रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान वार्ड पार्षद ने सदर बाजार सडक़ के एक हिस्से को सीमेंट कंक्रीट से बनवाने की मांग भी निगमायुक्त के समक्ष रखी। निगमायुक्त ने अभियंताओं को सडक़ की तकनीकी स्थिति का निरीक्षण कर फिजिबिलिटी जांचने तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वार्डों में नियमित निरीक्षण कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्डों का नियमित रूप से दौरा किया जाए और मौके पर सामने आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सडक़ पर गड्ढे, पार्कों के रख-रखाव, सीवरेज, स्ट्रीट लाईट, बरसाती पानी की निकासी अथवा दूषित जलापूर्ति जैसी शिकायतें मिलने पर संबंधित शाखा द्वारा तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।
निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी, सहायक अभियंता मदन मोहन गर्ग व मनीष अग्रवाल तथा कनिष्ठ अभियंता राज कुमार, सहायक सफाई निरीक्षक गुलाब सिंह सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *