डेस्क: अभिनेता प्रकाश राज (Actor Prakash Raj) एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर निशाना साधते हुए सरकार से सवाल करने और असहमति जताने वालों के समर्थन में बात कही है। प्रकाश राज ने 16 अगस्त की शाम X पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया (Sharp reaction) दी।
‘सवाल पूछने वालों को नक्सली बताया’
प्रकाश राज ने वीडियो में कहा कि लंबे समय से सरकार से सवाल करने और असहमति जताने वालों को ‘अर्बन नक्सल’, ‘देश-विरोधी’ और अन्य नामों से संबोधित किया जाता रहा है। अब उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ का नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि सवाल पूछना और सरकार के कामकाज पर सवाल उठाना गलत नहीं है।
सरकारी स्कूलों की बदहाली का मुद्दा उठाया
एक्टर ने अपने वीडियो में सरकारी स्कूलों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों को ‘दिमागी नक्सली’ कहा जा रहा है, वे गांवों के सरकारी स्कूलों में जाकर टॉयलेट, क्लासरूम, शिक्षकों की कमी और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं को सामने ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर सवाल उठाना जरूरी है।
‘दिमागी बनो, बेवकूफ नहीं’
प्रकाश राज ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि देश में सवाल पूछने और अपनी बात रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘दिमागी बनो, बेवकूफ नहीं, अंधभक्त नहीं। सवाल करो, गुलामी नहीं।’ उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

