अंतरराष्ट्रीय

यूक्रेन ने रूस पर किया बड़ा ड्रोन हमला, मॉस्को के विशाल वेयरहाउस में लगी भीषण आग, 6 की मौत

डेस्क: रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) के बीच यूक्रेन ने रविवार को रूस पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है. यूक्रेन की ओर से दागे गए सैकड़ों ड्रोनों ने रूस के कई इलाकों को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई. हमले के बाद मॉस्को के पास पोडॉल्स्क में स्थित रूस की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी ‘वाइल्डबेरीज’ के विशाल वेयरहाउस में भीषण आग लग गई, जिसके बाद आसमान में काले धुएं का भारी गुबार देखा गया. हमले की वजह से पोडॉल्स्क के कोलिदिनो स्थित वाइल्डबेरीज के मुख्य लॉजिस्टिक्स सेंटर में आग भड़क उठी. इसके अलावा डोमोडेडोवो में एक दवा गोदाम और वोस्क्रेशेंस्क में एक औद्योगिक केंद्र में भी आग लगने की खबरें हैं.
800 से अधिक ड्रोन मार गिराने का दावा
रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उनकी सेना ने रात भर में यूक्रेन के 822 ड्रोन नष्ट किए हैं. वहीं, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि लगभग 600 ड्रोन रूसी राजधानी की ओर बढ़ रहे थे, जिनमें से एक-तिहाई को मॉस्को क्षेत्र में ही ढेर कर दिया गया. मॉस्को के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने कहा कि एयर डिफेंस ने पूरे क्षेत्र में 187 ड्रोनों को मार गिराया या निष्क्रिय किया.

रोस्तोव में 5 लोगों की मौत
यूक्रेन का हमला केवल मॉस्को तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि दक्षिण-पश्चिमी रोस्तोव क्षेत्र के तीन शहरों को भी 150 से अधिक ड्रोनों से निशाना बनाया गया. रोस्तोव के गवर्नर यूरी स्लीयुसार ने पुष्टि की कि हमले में 5 लोगों की मौत हुई है और कई घरों व एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा है.हमले के जवाब में रूसी सेना ने भी यूक्रेन के कीव, क्रेमेनचुक और क्रिवी रिह पर मिसाइलें व ड्रोन दागे. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, क्रिवी रिह में रूसी मिसाइल हमले से 2 लोगों की मौत और 14 लोग घायल हो गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *