डेस्क: व्हाइट हाउस (White House) की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट (Press Secretary Karoline Leavitt) अगस्त के अंत में अपने पद से इस्तीफा (Resign) देंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए उनके पद छोड़ने की जानकारी दी। ट्रंप के मुताबिक, लेविट ने परिवार को ज्यादा समय देने के लिए यह फैसला लिया है। राष्ट्रपति ने उनके काम की सराहना करते हुए कहा कि वह आगे भी रिपब्लिकन पार्टी की शीर्ष सलाहकार के तौर पर अपनी भूमिका निभाती रहेंगी।
ट्रंप प्रशासन में करीब 18 महीने तक प्रेस सचिव के तौर पर काम करने वाली लेविट ने अपने कार्यकाल को यादगार अनुभव बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने फैसले को ‘कड़वा-मीठा’ अनुभव बताया।
‘व्हाइट हाउस प्रेस सचिव बनना जीवन का सबसे बड़ा सम्मान’
लेविट ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में व्हाइट हाउस प्रेस सचिव के तौर पर काम करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और रोमांच रहा। उन्होंने ओवल ऑफिस में बिताए समय, दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की यात्राओं और राष्ट्रपति ट्रंप के संदेश को जनता तक पहुंचाने का अवसर मिलने के लिए आभार जताया।
अपनी बेटी के जन्म के बाद काम पर लौटने का जिक्र करते हुए लेविट ने कहा कि एक बच्चे का स्वागत करने के साथ दुनिया के सबसे demanding पदों में से एक की जिम्मेदारी संभालना उनके लिए सम्मानजनक होने के साथ बेहद चुनौतीपूर्ण भी रहा।
उन्होंने कहा कि प्रेस सचिव की जिम्मेदारी के लिए लगातार समय, ऊर्जा और ध्यान देने के चलते वह अपने दोनों बच्चों को वह सर्वश्रेष्ठ मां नहीं दे पा रही थीं, जिसके वे हकदार हैं। इसी वजह से उन्होंने पद छोड़ने का कठिन फैसला लिया।
ट्रंप बोले- परिवार को समय देने के फैसले का सम्मान
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर लेविट के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कैरोलीन उनके सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक रही हैं और वह परिवार को समय देने के उनके फैसले का पूरा सम्मान करते हैं। ट्रंप ने कहा कि 2018 से लेकर 2024 के ऐतिहासिक पुनर्चुनाव अभियान तक लेविट ने स्वतंत्रता और न्याय के लिए शानदार काम किया है। उन्होंने कैरोलीन लेविट को इतिहास की बेहतरीन प्रेस सचिवों में से एक बताया।
व्हाइट हाउस से बाहर भी ट्रंप की शीर्ष सलाहकार रहेंगी
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि व्हाइट हाउस से बाहर जाने के बाद भी कैरोलीन लेविट उनकी शीर्ष बाहरी सलाहकार बनी रहेंगी। आगामी मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की जीत और इतिहास रचने की कोशिशों में वह पार्टी के भीतर एक प्रभावशाली आवाज के रूप में काम करेंगी। लेविट ने भी कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी से पैदा होने वाले खतरे से मुकाबले की उनकी लड़ाई अब नए चरण में प्रवेश कर रही है, लेकिन यह अभी खत्म नहीं हुई है।
सबसे कम उम्र की व्हाइट हाउस प्रेस सचिव बनी थीं
कैरोलीन लेविट 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप की टीम में शामिल हुई थीं। चुनाव में जीत के बाद उन्होंने ट्रांजिशन टीम की प्रवक्ता के तौर पर काम किया। इसके बाद ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस प्रेस सचिव नियुक्त किया। इस पद पर नियुक्त होने वाली वह इतिहास की सबसे कम उम्र की व्यक्ति बनीं। लेविट ने अपनी भूमिका के दौरान सहयोग के लिए अपने पति, परिवार, चीफ ऑफ स्टाफ सूसी विल्स और पूरे ट्रंप परिवार का आभार जताया।

