महापौर ने विद्युत शाखा के अभियंताओं के साथ की बैठक, स्ट्रीट लाईट व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश।
खराब स्ट्रीट लाईटों को तुरंत ठीक करवाने तथा नियमित फील्ड विजिट करने के अभियंताओं को निर्देश।

करनाल 11 अगस्त, महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मंगलवार को नगर निगम की विद्युत शाखा के अभियंताओं के साथ बैठक कर शहर में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी स्ट्रीट लाईट खराब होने की सूचना मिलने पर उसे प्राथमिकता के आधार पर तुरंत दुरुस्त करवाया जाए, ताकि नागरिकों को रात्रि के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि करनाल शहर रात्रि के समय भी पूरी तरह जगमग रहना चाहिए। इसके लिए विद्युत शाखा के अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था पर नियमित रूप से नजर रखें तथा शिकायत मिलने का इंतजार करने के बजाय फील्ड में जाकर भी स्ट्रीट लाईटों की स्थिति की जांच करें।
खराब स्ट्रीट लाईटों की मरम्मत में देरी बर्दाश्त नहीं।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्ट्रीट लाईट व हाई मास्ट लाईट से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में स्ट्रीट लाईट खराब होने की शिकायतें अधिक प्राप्त हो रही हैं, वहां विशेष रूप से निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाईट व्यवस्था का सीधा संबंध नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा से है। बाजारों, मुख्य सडक़ों, आवासीय क्षेत्रों, चौक-चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर खराब लाईटों, पोल तथा विद्युत संबंधी अन्य कमियों की पहचान करने और उन्हें दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी, सहायक अभियंता मनीष अग्रवाल तथा कनिष्ठï अभियंता मुनीष लालर व संदीप कुमार मौजूद रहे।
जन सुनवाई में महापौर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं।
इसके उपरांत महापौर ने नगर निगम कार्यालय में जन सुनवाई के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जन सुनवाई में नागरिकों ने सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाईट, सडक़, सीवरेज निकासी, विकास कार्यों सहित विभिन्न समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं।
महापौर ने प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन सुनवाई में प्राप्त शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका मौके पर निरीक्षण करवाकर नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। नागरिक अपनी समस्याएं लेकर निगम कार्यालय पहुंचते हैं तो उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें बिना किसी अनावश्यक देरी के पूरा किया जाए तथा जिन मामलों में तकनीकी या अन्य प्रक्रिया की आवश्यकता है, उनमें भी निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का समय रहते समाधान करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी शाखाओं के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा शहरवासियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।

