राष्ट्रीय

प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, इंदौर में सिर्फ बूंदाबांदी

डेस्क: पिछले 24 घंटों में सिर्फ 0.4 इंच बारिश मिली, आज भी सुबह से सिर्फ फुहारों का दौर, इंदौर सामान्य से 5.5 इंच पीछे

मध्यप्रदेश (MP) में राजधानी भोपाल (Bhopal) सहित कई जिलों में कल भारी बारिश (Heavy rain) हुई और बाढ़ जैसे हालात देखने को मिले, लेकिन इंदौर (Indore) इस तेज बारिश से अछूता रहा। शहर सहित पूरे जिले में पिछले 24 घंटे में सिर्फ हलकी बूंदाबांदी देखने को मिली। इंदौर में बारिश का आंकड़ा आधा इंच पर भी नहीं पहुंच पाया। मौसम विभाग ने आज और कल भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है, लेकिन पिछली कई बार की ऐसी संभावनाएं गलत साबित होती रही हैं।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल सुबह 8.30 बजे से आज सुबह के बीच महज 10.7 मिलीमीटर, यानी करीब 0.4 इंच बारिश ही दर्ज की गई। इसके साथ ही 1 जून से अब तक हुई बारिश का कुल आंकड़ा 16.4 इंच पर पहुंच चुका है। चिंता की बात यह है कि यह अब तक होने वाली सामान्य औसत बारिश से करीब 5.5 इंच कम है। बारिश के मामले में इंदौर का यह पिछड़ापन दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। अगर इंदौर को जल्द अच्छी बारिश नहीं मिलती है तो यह चिंता और बढ़ सकती है।

इंदौर में आज भी तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट
भोपाल मौसम केंद्र द्वारा कल की तरह आज भी इंदौर सहित प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट में शामिल जिलों में इंदौर के साथ ही धार, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, रतलाम, आलीराजपुर, झाबुआ और हरदा शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। यहां हर घंटे 5 से 15 मिलीमीटर बारिश हो सकती है। वहीं श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, उज्जैन, देवास, सीहोर, भोपाल, रायसेन, शाजापुर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सिवनी, बालाघाट, मंडला, सागर और दमोह में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हलकी से मध्यम बारिश प्रतिघंटे 5 मिलीमीटर तक हो सकती है। हालांकि कल भी इंदौर में ऑरेंज अलर्ट के बाद भी आधा इंच भी पानी नहीं बरसा।
5 डिग्री गिरा दिन का तापमान
कल तड़के से लगातार हो रही हलकी बूंदाबांदी के कारण दिन के तापमान में भारी कमी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार कल दिन का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री और परसों की अपेक्षा 5 डिग्री कम था। वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री रहा, जो सामान्य, लेकिन कल की अपेक्षा 1 डिग्री कम था। इस तरह दिन के अधिकतम और रात के न्यूनतम तापमान में सिर्फ 1.8 डिग्री का अंतर रह गया। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 43 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *