डेस्क:श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने रविवार को रामकोट परिक्रमा और रामलला मंदिर दर्शन के बाद यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने रामकोट परिक्रमा की वर्षगांठ पर होने वाले आयोजन की जानकारी दी। महंत दिनेंद्र दास ने कहा, “यह परिक्रमा लगभग 40 या 50 वर्षों से हो रही है। 21 अगस्त को रामकोट परिक्रमा की वर्षगांठ पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उम्मीद है कि उस दिन भारी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। उसी दिन भंडारा और भोजन का भी आयोजन किया जाएगा।” उन्होंने बताया कि परिक्रमा के लिए वे हरिद्वार भी जाते हैं। अयोध्या में वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को अब और व्यवस्थित तरीके से मनाया जा रहा है।
रामलला के दर्शन को लेकर उन्होंने कहा, “रामलला के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी है। सावन का महीना चल रहा है इसलिए लाखों की संख्या में लोग अयोध्या आ रहे हैं। सभी लोग प्रेम से दर्शन कर रहे हैं। यहां कोई जात-पात नहीं है। हर बिरादरी के लोग दर्शन कर रहे हैं। दर्शन में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं है।”
भक्तों की सुविधा को लेकर महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि ट्रस्ट और प्रशासन की तरफ से सभी इंतजाम पुख्ता किए गए हैं। व्यवस्थाएं बहुत ठीक हैं। बहुत शांति से काम चल रहा है। दर्शनार्थियों को कोई दिक्कत नहीं हो रही। आमदनी में भी कोई कमी नहीं है।”
राम मंदिर ट्रस्ट की आगामी बैठक को लेकर दिनेंद्र दास ने कहा, “राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक 2 सितंबर को होगी। इसमें ट्रस्ट के सीईओ के चयन को लेकर चर्चा होगी। यह ट्रस्ट का आंतरिक मामला है। ट्रस्ट के लोग जो उचित समझेंगे वही निर्णय लेंगे।”
वहीं, विपक्ष द्वारा राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर दिए जा रहे बयान पर महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि रामलला सबको ठीक करेंगे।

