उत्तर प्रदेश

यूपी : बहराइच में पुलिस मुठभेड़ के बाद बिजली तार चोर गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार

डेस्क:बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहराइच पुलिस को यह सफलता हाथ लगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बहराइच जनपद के नानपारा इलाके में सरयू नहर की पटरी पर पांच शातिर अपराधियों की घेराबंदी की गई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस से घिरा देख बेखौफ अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस मुठभेड़ में गिरोह का एक कुख्यात अपराधी कदीर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से चार अन्य अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया, जबकि एक साथी फरार होने में सफल रहा।
पुलिस ने अपराधियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, कार, औजार और भारी मात्रा में चोरी किए गए बिजली के तार बरामद किए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का जायजा लिया।
बहराइच के एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि नानपारा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बिजली के तार चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। बिजली तार चोरी होने से कुछ जगहों पर अक्सर सप्लाई भी प्रभावित होती थी और जनता परेशान थी। तार चोरों को पकड़ने के लिए स्वाट टीम और थाने की टीम को लगाया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरयू नहर पटरी पर कुछ तार चोर चोरी की योजना बना रहे हैं और पहले से चोरी तारों को ठिकाने लगाने की भी कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपियों की घेराबंदी की। इसी बीच, अपराधियों ने टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य को मौके से गिरफ्तार किया गया। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *