जिला स्तरीय 77वें वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत किया एक हजार पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

असंध/ करनाल, 7 अगस्त। विधायक योगेन्द्र राणा ने कहा कि पेड़-पौधे न केवल वातावरण शुद्ध करते है बल्कि धरती को हरियाली, स्वच्छता और जीवनदायिनी ऊर्जा भी प्रदान करते है। हर पौधा हरित भविष्य की नींव बनेगा। पर्यावरण संरक्षण के इस जन आंदोलन में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विधायक शुक्रवार को बाबा फतेह सिंह राजकीय महाविद्यालय, जयसिंहपुर असंध में आयोजित जिला स्तरीय 77वें वन महोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इससे पहले विधायक ने राजकीय महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। इस अवसर पर एसडीएम सुमित सिहाग,एचएलडीबी के चेयरमैन अशोक एडवोकेट, नपा चेयरपर्सन सुनीता रानी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया। इस दौरान कॉलेज परिसर में विभिन्न किस्मों के करीब 1 हजार पौधे रोपित किये गए।
मुख्य अतिथि द्वारा सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इस दौरान गुरुग्राम के मानेसर में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पर्यावरण संरक्षण की महत्ता को लेकर उद्बोधन का लाइव प्रसारण प्रदर्शित किया गया, जिसको सभी ने ध्यानपूर्वक देखा व सुना। कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, हरियाणवी लोक नृत्य व नशा मुक्ति विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किये गए।
विधायक ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि एक पेड़ मां के नाम थीम पर आधारित वन महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत हरियाणा सरकार ने इस वर्ष 1 करोड़ 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार प्रकट करते है। उन्होंने कहा कि हरियाली बढऩे से पर्यावरण संतुलित रहेगा, प्रदूषण में कमी आएगी, भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा आने वाली पीढिय़ों को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन का आधार मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की कमी ने पूरे देश और दुनिया को यह एहसास कराया कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए कितने आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम आज अधिक से अधिक पौधरोपण करेंगे और उनकी नियमित देखभाल करेंगे, तो आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ वातावरण और पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकेगी।
विधायक ने नागरिकों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और मानव जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रकृति का संरक्षण ही मानवता का संरक्षण है। इसलिए सभी लोगों को सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों से भी इस जन-अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में एसडीएम सुमित सिहाग ने भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने व उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इस मौके पर आयोजन समिति द्वारा मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों का स्मृति चिन्ह के रूप में पौधा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ नीलम तुरान ने सभी आए हुए अतिथियों का धन्यवाद किया। मंच का सफलतापूर्वक संचालन प्रो.रोबिन और प्रो. मनप्रीत कौर ने किया और डॉ निशांत कार्यक्रम के संचालक रहे।
इस अवसर पर वन राजिक अधिकारी संजीव कुमार, तहसीलदार नवजीत कौर बराड़, बीडीपीओ प्रशांत कुमार, नायब तहसीलदार राधेश्याम, मार्किट कमेटी के वाइस चेयरमैन रामावतार जिंदल, वन खंड अधिकारी सतीश कुमार, वन खंड अधिकारी बलराज, वन खंड अधिकारी जसवंत सिंह, वन खंड अधिकारी मनोज कुमार, सरपंच दीपक,अमित राणा, बृज लाल टक्कर, जयवीर फौजी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कॉलेज स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।

