उत्तर प्रदेश

फिरोजाबाद में पुलिस से मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, साथी भी गिरफ्तार

डेस्क:फिरोजाबाद । फिरोजाबाद पुलिस ने मोबाइल लूट की लगातार हो रही वारदातों का खुलासा करते हुए शुक्रवार तड़के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिकोहाबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि मोबाइल लूट की घटनाओं में वांछित दो बदमाश पुरातन रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन जल्दबाजी में उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें ऋषि उर्फ कन्हई निवासी गिहार कॉलोनी, थाना भोगांव (मैनपुरी) के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी मनीष को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
घायल ऋषि को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, पांच कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 7 हजार रुपए, एक मोबाइल फोन तथा विभिन्न घटनाओं से लूटे गए चार अन्य मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सीओ शिकोहाबाद शेखर सेंगर ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है। ऋषि उर्फ कन्हई के खिलाफ लूट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मनीष पर आर्म्स एक्ट, हत्या, आबकारी अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में मोबाइल लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। शिकोहाबाद पुलिस की इस सफलता को अपराध नियंत्रण अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *