डेस्क: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात डीजल से भरे एक टैंकर में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रातभर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
पुलिस के अनुसार, जीयनपुर थाना क्षेत्र स्थित मिर्जापुर हाइडिल के पास सोमवार देर रात टैंकर का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर हाइडिल परिसर में जा घुसा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसके बाद हुए शॉर्ट सर्किट से टैंकर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और तीन लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टैंकर और उसमें रखे दस्तावेज पूरी तरह जल चुके थे।
अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान मेहनगर थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार और महाराजगंज थाना क्षेत्र निवासी पृथ्वीराज के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। हादसे के बाद टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गया। अंदर फंसे अवशेषों को निकालने के लिए आयरन कटर की मदद से टैंकर को काटकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इसके बाद सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे हुआ। टैंकर में आग लगने के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के कारण हाइडिल परिसर की बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से इलाके में पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों, टैंकर में सवार लोगों की वास्तविक संख्या तथा आग लगने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दो मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे शव की शिनाख्त का प्रयास जारी है।

