अजब-गजब

ब्रिटेन के समुद्री तटों पर खूबसूरत रहस्यमयी जलीय जीव, लोग मान रहे एलियन !

डेस्क: हाल ही में समुद्री तटों पर एक ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिला, जिसकी शायद लोगों ने कभी कल्पना भी नहीं की होगी. दरअसल, ब्रिटेन के बीच पर घूमने आए लोग उस समय दंग रह गए जब समुद्र किनारे नीले रंग के हजारों छोटे और चमकीले जीव बहकर आ पहुंचे.

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, कुम्ब्रिया के सेंट बीस बीच पर सैकड़ों की संख्या में ये नीले जीव देखे गए हैं. वेल्स के तटों पर भी ऐसी ही तस्वीरें सामने आई हैं, जिसे पिछले एक दशक में सबसे बड़ी घटना मानी जा रही है. लोग इनकी तस्वीरें खींचने के लिए भारी तादाद में जमा हो रहे हैं. ये नजारा देखने के बाद लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि, ये किसी दूसरे ग्रह के जीव यानी एलियन जैसे लग रहे हैं. जानकारों का मानना है कि ब्रिटेन में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज हवाओं के चलते ये जीव समुद्र किनारे आ फंसे हैं.

 

दिखने में जेलीफिश जैसे, पर रहस्य से भरे

 

वैज्ञानिक भाषा में इन्हें वेलेला वेलेला (Velella velella) कहा जाता है और आम बोलचाल में लोग इन्हें ‘बाय-द-विंड सेलर्स’ (by-the-wind sailors) कहते हैं. देखने में ये नीली जेलीफिश जैसे लगते हैं, लेकिन असल में ये कोई एक जीव नहीं, बल्कि छोटे-छोटे जीवों का एक समूह होता है. लगभग दो इंच लंबे इन जीवों के शरीर पर पारदर्शी नाव जैसा एक छोटा सा ‘सेल’ यानी पाल बना होता है. तेज पछुआ हवाएं जब चलती हैं, तो ये हवा के सहारे बहते हुए समंदर से किनारे की ओर आ जाते हैं. ये जीव आम तौर पर अटलांटिक, प्रशांत और हिंद महासागरों में पाए जाते हैं.

खूबसूरती देख हाथ लगाने की गलती न करें

 

ब्रिटेन में इस समय भीषण गर्मी का मौसम चल रहा है और तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विशेषज्ञों और कुम्ब्रिया वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ने लोगों को आगाह किया है कि, दूर से ये नजारा जितना खूबसूरत दिखता है, पास जाने पर उतना ही खतरनाक हो सकता है. हालांकि, इनका जहर जानलेवा नहीं होता, लेकिन अगर इन्हें छूने के बाद किसी ने आंख या चेहरे पर हाथ लगा लिया तो तेज जलन और दर्द हो सकता है, इसलिए प्रशासन ने सलाह दी है कि इन्हें सिर्फ दूर से देखकर ही मजा लें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *