अंतरराष्ट्रीय

उजैर बलोच के भाई पर ल्यारी में ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

डेस्क: पाकिस्तान के कराची शहर के ल्यारी इलाके में गुरुवार शाम जेल में बंद गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर अंधाधुंध फायरिंग की खबर सामने आई है। इस हमले में जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि 2 राहगीर भी गोली लगने से जख्मी हो गए। तीनों को तुरंत कराची के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चाकीवाड़ा पुलिस के मुताबिक, करीब 40 साल के जुबैर बलोच को मुख्य चाकीवाड़ा रोड पर गोली मारी गई। दक्षिण कराची के DIG सैयद असद रजा ने बताया कि जुबैर अपने घर के बाहर सिंगू लेन में बैठा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद हमलावर पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जुबैर के सीने और पेट में कई गोलियां लगी हैं और ताजा अपडेट यह है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका ऑपरेशन किया जा रहा है। घायल हुए 2 राहगीरों में से एक की हालत भी गंभीर बताई गई है। DIG असद रजा ने बताया कि पुलिस इस हमले की कई पहलुओं से जांच कर रही है। इसमें गैंगवार और निजी दुश्मनी दोनों एंगल शामिल हैं। पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि जुबैर बलोच को वर्ष 2012 में 7 आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया गया था। बाद में वह जनवरी 2025 में जेल से रिहा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *