खेल

चिली के क्लब कोलो कोलो से जुड़ेंगे फीफा वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले गोलकीपर वोजिन्हा

डेस्क:नई दिल्ली । फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से दुनिया का ध्यान खींचने वाले केप वर्डे के अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा अब चिली के मशहूर फुटबॉल क्लब कोलो कोलो से जुड़ने जा रहे हैं। क्लब के अध्यक्ष अनिबल मोसा ने इस समझौते की पुष्टि की है। 40 वर्षीय वोजिन्हा फिलहाल ‘फ्री एजेंट’ (किसी भी क्लब से अनुबंध नहीं) हैं। वह अगले कुछ दिनों में मेडिकल जांच के लिए चिली जाएंगे। मेडिकल टेस्ट पूरा होने के बाद उनके साथ आधिकारिक अनुबंध पर हस्ताक्षर होंगे और फिर एस्टाडियो मॉन्यूमेंटल में उन्हें क्लब अपने नए खिलाड़ी के रूप में पेश करेगा। कोलो कोलो के अध्यक्ष अनिबल मोसा ने बताया कि वोजिन्हा जल्द ही चिली पहुंचेंगे। सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें टीम का हिस्सा बना लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन की बदौलत वोजिन्हा को यह बड़ा मौका मिला है। इसके साथ ही उन्होंने माना कि इस ट्रांसफर से क्लब को खेल के साथ-साथ व्यावसायिक स्तर पर भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, अभी इस ट्रांसफर की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन कोलो कोलो ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर इसके संकेत दे दिए हैं। तस्वीर में वोजिन्हा के घुंघराले बाल दिखाई दे रहे थे, जिसके बाद क्लब के प्रशंसकों ने उनके आने की अटकलें तेज कर दी हैं। वर्ल्ड कप से पहले वोजिन्हा ने पुर्तगाल के दूसरे डिवीजन के क्लब चावेस को छोड़ दिया था। इसके बाद विश्व कप में अपने प्रदर्शन से वह हर किसी का दिल जीतने में सफल रहे। फीफा की फैन वोटिंग से चुनी गई वर्ल्ड कप ड्रीम टीम में भी वोजिन्हा को जगह मिली।
केप वर्डे के सफल अभियान में वोजिन्हा की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने चैंपियन बनी स्पेन की टीम को गोल करने से रोका और मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ। इसके बाद राउंड ऑफ 32 में उन्होंने अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भी शानदार गोलकीपिंग की और मैच को अतिरिक्त समय तक पहुंचाया।
वर्ल्ड कप में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के बाद अब वोजिन्हा को साउथ अमेरिका के सबसे सफल फुटबॉल क्लबों में से एक कोलो कोलो से जुड़ने का मौका मिला है। क्लब और उसके प्रशंसकों को उम्मीद है कि अनुभवी गोलकीपर अपने अनुभव और शानदार फॉर्म से टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *