अंतरराष्ट्रीय

चीन की नियामक संस्था ‘स्टेट एडमिनिस्ट्रेशन फॉर मार्केट रेगुलेशन’ ने ट्रिप डॉट कॉम ग्रुप पर 76.5 करोड़ डॉलर का ठोका जुर्माना।

डेस्क: चीन ने ऑनलाइन यात्रा सेवा कंपनी ट्रिप डॉट कॉम ग्रुप पर एकाधिकार और प्रतिस्पर्धा को बाधित करने के आरोप में लगभग 5.2 अरब युआन (करीब 76.5 करोड़ डॉलर) का जुर्माना लगाया है।

चीन की नियामक संस्था ‘स्टेट एडमिनिस्ट्रेशन फॉर मार्केट रेगुलेशन’ ने शनिवार को कहा कि ट्रिप डॉट कॉम ने होटल क्षेत्र में अपनी मजबूत स्थिति का दुरुपयोग करते हुए कुछ होटलों के साथ विशेष समझौते किए और उन्हें प्रतिस्पर्धी मंचों के साथ काम करने से रोका।

 

जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी ने अपने डिजिटल मंच पर जुड़े होटलों को प्राथमिकता दी और उनसे अपनी वेबसाइट पर सबसे कम दर बनाए रखने का दबाव डाला। इससे बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा प्रभावित हुई और उपभोक्ताओं के हितों को नुकसान पहुंचा।

नियामक के मुताबिक, ट्रिप डॉट कॉम वर्ष 2020 से ही इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त थी। कार्रवाई के तहत कंपनी पर 3.5 अरब युआन का जुर्माना लगाया गया, 1.6 अरब युआन की अवैध कमाई जब्त की गई और उसे होटल संचालकों को 12.2 करोड़ युआन वापस करने का निर्देश दिया गया।

सीट्रिप एवं स्काईस्कैनर जैसे ब्रांड संचालित करने वाली कंपनी ट्रिप डॉट कॉम ने इस आदेश को स्वीकार करते हुए कहा कि वह सभी सुधारात्मक उपायों को पूरी तरह लागू करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *