खेल

टीम इंडिया की स्पॉन्सरशिप हुई और महंगी, BCCI ने 15% से ज्यादा बढ़ाई कीमत

डेस्क : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया की टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए रिजर्व प्राइस में 15 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी कर दी है। नए कमर्शियल साइकिल (मार्च 2028 तक) के लिए बोर्ड ने इच्छुक कंपनियों से टेंडर आमंत्रित किए हैं। इस बार प्रति मैच आधार कीमत ₹4.9 करोड़ तय की गई है, जो पिछले चक्र में ₹4.2 करोड़ प्रति मैच थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह नया समझौता मार्च 2028 तक लागू रहेगा और इसमें करीब 35 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल होंगे। अगर इस दौरान अतिरिक्त मुकाबले जुड़े तो उनकी संख्या बढ़ सकती है।
एसोसिएट स्पॉन्सरशिप भी हुई महंगी
BCCI ने सिर्फ टाइटल स्पॉन्सरशिप ही नहीं, बल्कि एसोसिएट पार्टनरशिप की आधार कीमत भी बढ़ा दी है। पहले जहां प्रति मैच ₹82 लाख रिजर्व प्राइस थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर ₹95 लाख प्रति मैच कर दिया गया है। पिछले कमर्शियल साइकिल में SBI Life, Campa Cola और Atomberg टीम इंडिया के एसोसिएट स्पॉन्सर थे।
कितनी होगी कुल डील?
अगर प्रस्तावित 35 मैचों को आधार माना जाए तो टीम इंडिया की टाइटल स्पॉन्सरशिप की कुल न्यूनतम कीमत लगभग ₹169.8 करोड़ होगी। पिछले चक्र में IDFC First Bank ने 56 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए ₹235.2 करोड़ की डील हासिल की थी। वहीं, प्रत्येक एसोसिएट स्पॉन्सर स्लॉट की कुल आधार कीमत लगभग ₹33.3 करोड़ तय की गई है।
कब तक जमा करनी होगी बोली?
BCCI ने टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए 13 अगस्त तक आवेदन मांगे हैं। जबकि एसोसिएट पार्टनरशिप के लिए इच्छुक कंपनियां 25 अगस्त तक अपनी बोली जमा कर सकती हैं।
2028 तक क्यों सीमित रखा गया नया करार?
रिपोर्ट के अनुसार BCCI ने इस बार स्पॉन्सरशिप साइकिल को जानबूझकर मार्च 2028 तक सीमित रखा है ताकि यह Adidas और Apollo Tyres जैसे बड़े कमर्शियल समझौतों की अवधि के साथ मेल खा सके। बोर्ड का लक्ष्य अगले रिन्यूअल चरण में कई बड़े स्पॉन्सरशिप अधिकारों को एक साथ पैकेज के रूप में पेश करना है, जिससे कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़े और अधिक राजस्व हासिल किया जा सके।
टी20 क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता पर भी नजर
नई बोली प्रक्रिया ऐसे समय में शुरू की गई है जब विज्ञापनदाता तेजी से टी20 क्रिकेट की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में टेस्ट और वनडे क्रिकेट के व्यावसायिक मूल्य पर भी BCCI लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *