दरभंगा

रैयाम एवं सकरी में नई सहकारी चीनी मिल स्थापना को लेकर समीक्षा

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने की उच्चस्तरीय बैठक, किसानों को गन्ना खेती के लिए जागरूक करने एवं अधिकाधिक सदस्य बनाने का निर्देश

दरभंगा, 21 जुलाई, 2026:-मुख्य सचिव, बिहार श्री प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रैयाम एवं सकरी, दरभंगा में नई सहकारी चीनी मिल की स्थापना के संबंध में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नई सहकारी चीनी मिलों की स्थापना की प्रगति, किसानों की सहभागिता तथा गन्ना उत्पादन बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने जिले के किसानों द्वारा प्राप्त सुझावों एवं अपेक्षाओं से मुख्य सचिव को अवगत कराया तथा सहकारी चीनी मिलों की स्थापना के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

मुख्य सचिव ने बैठक में उपस्थित मुखिया, प्रमुख एवं पैक्स अध्यक्षों से संवाद करते हुए उनके सुझाव प्राप्त किए तथा सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को गन्ना की खेती अपनाने तथा सहकारी समिति का सदस्य बनने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूक करने का आह्वान किया।

रैयाम एवं सकरी चीनी मिल के कार्यक्षेत्र की जानकारी
बैठक में बताया गया कि रैयाम सहकारी चीनी मिल के कार्यक्षेत्र में 6 प्रखंडों के 580 ग्राम, जबकि सकरी सहकारी चीनी मिल के कार्यक्षेत्र में 12 प्रखंडों के 697 ग्राम शामिल किए गए हैं।

मुख्य सचिव ने कहा कि सहकारी समिति की सदस्यता के लिए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को पात्र किसानों का अधिकाधिक सदस्यता पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी गन्ना खेती के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत—किसानों को वैज्ञानिक तरीके से गन्ना उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। खेतों की मिट्टी की जांच कर उपयुक्त फसल प्रबंधन की सलाह दी जाएगी।

स्थानीय स्तर पर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।
गन्ना खेती में यंत्रीकरण एवं आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ा जाए, ताकि सहकारी चीनी मिलों की स्थापना के साथ-साथ क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को भी नई गति मिल सके।

बैठक में सहायक निदेशक (विकास) अजीत कुमार प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, ईख पदाधिकारी पुष्कर राज सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, ईख पदाधिकारी, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *