डीएम ने सभी विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण,परिवादियों से सीधे संवाद कर त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
दरभंगा, 21 जुलाई 2026:- नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी स्थित मध्य विद्यालय (बालक) परिसर में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर वहाँ उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने शिविर में उपस्थित परिवादियों से सीधे संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना।
उन्होंने कई आवेदकों से स्वयं आवेदन प्राप्त कर संबंधित मामलों की जानकारी ली और मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें तथा पात्र लाभुकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव नहीं है,उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित कर आवेदकों को इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रेड्डी ने भी शिविर का निरीक्षण करते हुए आमजन से बातचीत की तथा पुलिस प्रशासन से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं, प्रमाण-पत्रों, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, भूमि संबंधी मामलों, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थित रहे।
शिविर में बड़ी संख्या में माननीय जन प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं आवेदनों को प्रस्तुत किया तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

