मुजफ्फरपुर

मुजफ्फरपुर में रिटायर्ड बैंककर्मी और उनकी पत्नी की निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में बैंक के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनकी पत्नी की उनके घर के भीतर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार शाम रामबाग चौड़ी इलाके की है। अशोक कुंवर के शव पर चाकू से किए गए वार के कई निशान मिले हैं, जबकि उनकी पत्नी का शव मकान की तीसरी मंजिल से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि नीलम की गला दबाकर हत्या की गई। थाना प्रभारी अजय कुमार ने कहा, ”सोमवार शाम सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दंपति के शव घर के भीतर से बरामद किए। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब बेंगलुरु में रह रहे दंपति के बेटे ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में गड़बड़ी देखी। उसने पड़ोसी को फोन कर घर जाकर देखने के लिए कहा। पड़ोसी ने घर में दंपति के शव देखकर पुलिस को सूचना दी।”

उन्होंने बताया कि अशोक कुंवर का शव मकान की पहली मंजिल से, जबकि नीलम कुंवर का शव तीसरी मंजिल से बरामद किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। मामले की जांच में मदद के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की भी मदद ली गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि हमलावर सर्जिकल दस्ताने पहनकर घर में दाखिल हुए।

उन्होंने कहा, ”जांचकर्ता आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रहे हैं और आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रहे हैं। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस दंपति के कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।”

उन्होंने बताया कि आशंका है कि हमलावरों ने पहले अशोक कुंवर पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या की और इसके बाद उनकी पत्नी को निशाना बनाया।

पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पहले नीलम के मुंह पर टेप लगाया और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा, ”प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारी की चाकू से हमलाकर हत्या की गई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *