दरभंगा

टीबी भारत मुक्ति अभियान के तहत जिला स्तरीय पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित

15 अगस्त तक 54 पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य

दरभंगा, 20 जुलाई:- समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में टीबी भारत मुक्ति अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पोषण किट (फूड बास्केट) वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान चिन्हित टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि टीबी उन्मूलन की दिशा में जिले में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों के बेहतर उपचार एवं पोषण के लिए जिले के चिन्हित मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें उपचार के साथ-साथ आवश्यक पोषण भी प्राप्त हो सके।

 

उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा 100 फूड बास्केट उपलब्ध कराए गए हैं,जिनका वितरण आज किया गया। उन्होंने कहा कि विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं बैंकों के सहयोग से और अधिक फूड बास्केट उपलब्ध कराए जाएंगे तथा टीबी मरीजों के बीच उनका वितरण किया जाएगा।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में टीबी की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक लगभग 2 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिसके आधार पर 13,000 टीबी मरीजों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि सभी चिन्हित मरीजों को नियमित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि जिले की 54 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए चिन्हित किया गया है तथा 15 अगस्त तक इन पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी मरीजों को सरकार द्वारा निर्धारित पोषण सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। अब तक 5,400 टीबी मरीजों के खातों में राशि हस्तांतरित की जा चुकी है तथा शेष मरीजों के खातों में भी शीघ्र राशि भेजने की प्रक्रिया जारी है।

 

कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, एनसीडीओ श्री सत्येंद्र प्रसाद, डीपीएम (स्वास्थ्य) श्री प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के चिकित्सक एवं प्रतिनिधिगण सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *