बिहार

रोहतास को मिलेंगे पांच नए सरकारी डिग्री कॉलेज, मंत्री श्रवण कुमार ने कहा-शिक्षा के क्षेत्र में नया अध्याय जुड़ेगा

डेस्क:बिहार के रोहतास जिले में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पांच नए सरकारी डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बड़े कदम उठाए गए हैं और अब उसी कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निर्देश पर राज्य के उन प्रखंडों में सरकारी डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं, जहां अभी तक इसकी सुविधा उपलब्ध नहीं थी। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पहले राज्य के जिन अनुमंडलों में डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां सरकार ने डिग्री कॉलेज स्थापित करने का काम किया था। इसका उद्देश्य खासतौर पर छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई योजनाएं शुरू कीं, जिससे बड़ी संख्या में लड़कियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाई स्कूलों को 10+2 विद्यालयों में अपग्रेड किया। इससे गांवों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की सुविधा मिलने लगी। जिन पंचायतों में हाई स्कूल नहीं थे, वहां भी नए हाई स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया, ताकि शिक्षा का विस्तार हर इलाके तक पहुंच सके।
मंत्री ने बताया कि चुनाव से पहले यह घोषणा की गई थी कि राज्य के जिन प्रखंडों में सरकारी डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां नए कॉलेज खोले जाएंगे। इसी योजना के तहत बिहार के 211 प्रखंडों में सरकारी डिग्री कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं।
रोहतास जिले में पांच डिग्री कॉलेजों के शुभारंभ को लेकर उन्होंने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार अपने वादों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है। मंत्री ने कहा कि वह रोहतास में कॉलेजों के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे और वहां के छात्रों, अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के प्रयासों से आने वाले समय में युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। उच्च शिक्षा की सुविधा बढ़ने से छात्रों को अपने जिले और प्रखंड के आसपास ही पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी काफी लाभ होगा।
वहीं, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राजनीतिक दलों को चुनाव प्रचार के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति मिलती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए यह केवल प्रतिष्ठा का विषय नहीं है, बल्कि एनडीए के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है।
उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर सीट पर एनडीए की जीत तय है। वहां की जनता का समर्थन और विश्वास एनडीए के साथ है। लंबे समय से इस सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार जीतते रहे हैं और इस बार भी यह सीट एनडीए के खाते में जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *