अंतरराष्ट्रीय

शेख हसीना बांग्लादेश लौटीं तो उनके साथ क्या होगा? सरकार के मंत्री ने दे दिया जवाब

डेस्क: बांग्लादेश में इस वक्त लोगों के बीच नई चर्चा छिड़ गई है। माना जा रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना जल्द ही वापस बांग्लादेश लौट सकती हैं। ऐसे में अब लोगों के बीच चर्चा छिड़ गई है कि अगर वह वापस बांग्लादेश लौटती हैं तो उनके साथ क्या और कैसा बर्ताव किया जाएगा। अब बांग्लादेश की सरकार के एक मंत्री ने इस बात का जवाब दे दिया है। बांग्लादेशी मंत्री ने कहा है कि शेख हसीना अगर वापस लौटीं तो उन्हें जेल जाना होगा।
बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार में विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने शेख हसीना की वापसी को लेकर बयान जारी किया है। मंत्री ने कहा- “यदि वह (शेख हसीना) आत्मसमर्पण करती हैं, तो मौजूदा कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे। उन्हें जेल जाना होगा। कानून अपना काम करेगा।” शमा ने साफ किया है कि यदि शेख हसीना सरेंडर करती हैं तो सरकार पूरी तरह से कानूनी ढांचे के तहत ही आगे बढ़ेगी।

आपको बता दें कि साल 2024 के अगस्त महीने में बांग्लादेश में छात्रों के हिंसक आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश छोड़ दिया था। सरकार के तख्तापलट के बाद हसीना ढाका से सुरक्षित निकलकर भारत आ गईं थीं। इसके बाद से अब तक वह भारत में ही हैं। हालांकि, उन्होंने अब खुद बता दिया है कि वह जल्द ही बांग्लादेश वापस जाएंगी।

बता दें कि बीते हफ्ते ही शेख हसीना ने बांग्लादेश वापस जाने को लेकर बड़ा ऐलान किया है। शेख हसीना ने कहा है कि वह अवामी लीग के अन्य निर्वासित नेताओं के साथ दिसंबर के आस-पास अपनी इच्छा से बांग्लादेश वापस लौटने का प्लान बना रही हैं। शेख हसीना ने कहा था- “बांग्लादेश लौटने पर वह मुझे गिरफ्तार कर सकते हैं, वे मुझे मार भी सकते हैं। फिर भी, मुझे जाना ही होगा।” शेख हसीना ने आगे कहा- “मेरी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भीषण दमन हो रहा है। अगर मौत आती है, तो मैं चाहती हूं कि वह मेरी अपनी धरती पर आए, जहां मेरे माता-पिता दफन हैं और जहां उनका खून बहा था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *