उत्तर प्रदेश

पीएम मोदी के विदेश दौरों से भारत की वैश्विक साख मजबूत हुई : बीएल वर्मा

डेस्क:बरेली। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों को भारत के रणनीतिक और आर्थिक हितों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन यात्राओं से देश की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल औपचारिक विदेश यात्राएं नहीं करते, बल्कि प्रत्येक दौरे का उद्देश्य भारत के लिए नए अवसर, निवेश, तकनीकी सहयोग और रणनीतिक साझेदारी सुनिश्चित करना होता है। बरेली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बी.एल. वर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान अनेक देशों की यात्राएं कर भारत के हितों को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां से देश के लिए कुछ न कुछ सकारात्मक परिणाम लेकर लौटते हैं। बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने जितने देशों का दौरा किया है, उतनी यात्राएं शायद पहले के कई प्रधानमंत्रियों ने मिलकर भी नहीं की होंगी।” केंद्रीय मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री विदेश नीति को केवल कूटनीतिक औपचारिकता तक सीमित नहीं रखते, बल्कि यह देखते हैं कि भारत को किस प्रकार अधिकतम लाभ मिल सकता है। इसी क्रम में हालिया विदेश दौरा भी भारत के हित में सफल और उपयोगी रहा।”
यूरेनियम समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए बी.एल. वर्मा ने कहा, “यह भारत की सामरिक क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य शक्ति लगातार सुदृढ़ हुई है और सीमाओं की सुरक्षा पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है। आज भारत कई देशों के साथ रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ा रहा है और ब्रह्मोस मिसाइल जैसे रक्षा समझौते इसकी मिसाल हैं। अब स्थिति यह नहीं रही कि भारत दुनिया की ओर उम्मीद से देखे, बल्कि विश्व के अनेक देश भारत के साथ साझेदारी बढ़ाने के इच्छुक हैं।”
राम मंदिर चंदा मामले में कथित अनियमितताओं के आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा, “विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच से पूरे मामले के तथ्य सामने आ जाएंगे। यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार निष्पक्ष जांच कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बी.एल. वर्मा ने सनातन परंपराओं का समर्थन करते हुए विपक्षी दलों पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी मजबूत बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और राज्य में विकास और सुशासन की अपनी नीतियों को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *