शैक्षणिक गुणवत्ता एवं प्रयोगशाला आधारित शिक्षा पर दिया विशेष बल
दरभंगा,:11 जुलाई 2026 विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में डॉ. अभय कुमार शर्मा ने 10 जुलाई को पूर्वाह्न में दरभंगा पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत डॉ.शर्मा ने महाविद्यालय परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक शाखाओं, प्रयोगशालाओं, कक्षाओं, प्रशासनिक कार्यालयों तथा अन्य उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए सभी को समर्पित भाव से कार्य करना होगा।
उन्होंने महाविद्यालय के सभी व्याख्याताओं एवं कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रयोगशाला आधारित व्यावहारिक शिक्षण पर विशेष बल दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी शिक्षा में प्रयोगात्मक ज्ञान का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है,इसलिए सभी प्रयोगशालाओं का अधिकतम उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक दक्षता प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं कर्मी समन्वित रूप से कार्य करते हुए संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।
इस अवसर पर उन्होंने 11 जुलाई से प्रारंभ होने वाली नामांकन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं छात्र-छात्राओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संपन्न कराई जाए।
उन्होंने कहा कि नामांकन के लिए आने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को आवश्यक जानकारी,मार्गदर्शन एवं सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डॉ.शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से दरभंगा पॉलिटेक्निक कॉलेज तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल करेगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान करने के अपने उद्देश्य को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करेगा।

