राष्ट्रीय

सिवनी में दिल दहला देने वाली घटना: दो दिन से बंद था घर, अंदर मिले शिक्षक दंपति के जले कंकाल मिले

डेस्क: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के उगली थाना अंतर्गत ग्राम उगली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक बंद घर के भीतर शिक्षक दंपति के पूरी तरह से जल चुके शव बरामद हुए हैं। शव इस कदर जल चुके हैं कि वे केवल राख और हड्डियों के ढांचे में तब्दील हो गए हैं, जिससे उनकी शिनाख्त करना भी असंभव हो गया है। इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरा इलाका स्तब्ध है और हर तरफ केवल इसी रहस्यमयी घटना की चर्चा हो रही है।

मृतकों की पहचान शिक्षिका मालती धुर्वे (पदस्थ: ग्राम कुम्हड़ा, केवलारी) और शिक्षक समन सिंह धुर्वे (पदस्थ: दामीझोला, मोहबर्रा) के रूप में की जा रही है। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से इस दंपति से उनके परिजनों और परिचितों का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। लगातार फोन लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो शुक्रवार शाम को लोग उनके घर पहुंचे। घर का दरवाजा बंद था। जब भीतर जाकर देखा गया तो अंदर का नजारा बेहद खौफनाक और विचलित करने वाला था।

घर के भीतर कमरे में दोनों के शव पलंग पर पड़े हुए थे। आग की लपटें इतनी भीषण रही होंगी कि शवों के साथ-साथ कमरे में रखा पलंग, कूलर और अन्य सामान भी पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, यह दर्दनाक घटना दो दिन पहले रात के वक्त या उसके बाद किसी समय घटित हुई है। हालांकि, बंद कमरे के भीतर इतनी भीषण आग कैसे लगी और बाहर किसी को भनक क्यों नहीं लगी, यह अभी भी एक बड़ा रहस्य बना हुआ है।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए सिवनी के पुलिस अधीक्षक, केवलारी के पुलिस उपअधीक्षक और फिंगरप्रिंट व फोरेंसिक विशेषज्ञ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। चूंकि शव पूरी तरह जलकर खाक हो चुके हैं, इसलिए वैज्ञानिक रूप से पहचान स्थापित करने के लिए दंपति के बच्चों का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। डीएनए मिलान के बाद ही आधिकारिक रूप से यह पुष्टि हो सकेगी कि ये शव शिक्षक दंपति के ही हैं।
शिक्षक दंपति के बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं, जिसके कारण वे घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि यह एक दर्दनाक हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश और सुनियोजित हत्या है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और घटना की परिस्थितियों का वास्तविक खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, उगली थाना पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *