अंतरराष्ट्रीय

क्या खत्म होगी शाही परिवार की नाराजगी? वर्षों बाद किंग चार्ल्स से मिले प्रिंस हैरी, मेघन और बच्चे

डेस्क: ब्रिटेन के शाही परिवार (The British Royal Family) में लंबे समय से चली आ रही दूरियों के बीच रिश्तों में सुधार के संकेत मिले हैं। किंग चार्ल्स III ने अपने छोटे बेटे प्रिंस हैरी, बहू मेघन मार्कल और उनके दोनों बच्चों प्रिंस आर्ची तथा प्रिंसेस लिलिबेट (Prince Archie and Princess Lilibet) की अपने कंट्री एस्टेट हाईग्रोव हाउस में मेजबानी की। बताया जा रहा है कि पिछले चार वर्षों में यह पहला अवसर है जब किंग चार्ल्स ने हैरी के पूरे परिवार से एक साथ मुलाकात की।
इस मुलाकात को शाही परिवार और प्रिंस हैरी के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

चैरिटी कार्यक्रम के बहाने ब्रिटेन पहुंचे थे हैरी
प्रिंस हैरी 6 जुलाई को कुछ चैरिटी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए ब्रिटेन पहुंचे थे। उनके दौरे से पहले ही ब्रिटिश मीडिया में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज थीं कि क्या उनकी अपने पिता किंग चार्ल्स से मुलाकात होगी। साथ ही यह भी कयास लगाए जा रहे थे कि क्या मेघन मार्कल और उनके दोनों बच्चे भी इस यात्रा में शामिल होंगे।
आखिरकार पूरा परिवार हाईग्रोव हाउस पहुंचा, जहां उनकी मुलाकात किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला से हुई। इसे पारिवारिक रिश्तों में सकारात्मक बदलाव का संकेत माना जा रहा है।
सुरक्षा विवाद के चलते मुलाकात पर थे सवाल
इस मुलाकात से पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि ब्रिटेन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद के कारण कार्यक्रम प्रभावित हो सकता है। प्रिंस हैरी लंबे समय से अपने परिवार के लिए सरकारी सुरक्षा बहाल करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अदालत से राहत नहीं मिली है।
इसके बावजूद इस बार उनका परिवार ब्रिटेन पहुंचा और शाही परिवार के साथ मुलाकात हुई।
2020 में छोड़ी थी शाही जिम्मेदारियां
प्रिंस हैरी और मेघन मार्कल ने जनवरी 2020 में शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्यों की भूमिका छोड़ने का फैसला किया था। इस फैसले को मीडिया में ‘मेग्जिट (Megxit)’ नाम दिया गया। इसके बाद दोनों पहले कनाडा और फिर अमेरिका के कैलिफोर्निया में जाकर बस गए।
इसके बाद हुई सैंड्रिंघम समिट में तय किया गया था कि हैरी और मेघन अब शाही कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करेंगे और अपने नाम के साथ HRH (His/Her Royal Highness) की आधिकारिक उपाधि का उपयोग भी नहीं करेंगे।
इंटरव्यू और किताब से बढ़ा था विवाद
साल 2021 में ओपरा विनफ्रे को दिए इंटरव्यू में हैरी और मेघन ने शाही परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि परिवार के कुछ सदस्यों ने उनके बेटे आर्ची की त्वचा के रंग को लेकर चिंता जताई थी। मेघन ने यह भी कहा था कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कठिन दौर में उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।
इसके बाद 2023 में प्रकाशित प्रिंस हैरी की आत्मकथा ‘Spare’ में भी शाही परिवार के साथ मतभेदों का विस्तार से जिक्र किया गया। किताब में उन्होंने बड़े भाई प्रिंस विलियम के साथ रिश्तों में तनाव और आपसी विवादों का भी उल्लेख किया था। हालांकि शाही परिवार ने इन आरोपों पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी।
पहले भी हुई थीं सीमित मुलाकातें
सितंबर 2022 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर प्रिंस हैरी अंतिम संस्कार में शामिल होने ब्रिटेन आए थे। इसके बाद फरवरी 2024 में किंग चार्ल्स के कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी सामने आने पर भी हैरी उनसे मिलने लंदन पहुंचे थे, लेकिन वह मुलाकात बेहद संक्षिप्त रही थी।
ऐसे में हाईग्रोव हाउस में हुई यह नई पारिवारिक मुलाकात इस बात का संकेत मानी जा रही है कि दोनों पक्ष रिश्तों में आई तल्खी को पीछे छोड़कर संवाद बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि भविष्य में यह मेल-मिलाप कितना स्थायी साबित होगा, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *