डेस्क:लखनऊ सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी की ओर से राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले पर पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भगवान् श्रीराम केवल हमारी आस्था के प्रतीक ही नहीं हैं, बल्कि हमारी सृष्टि, संस्कार के आधार हैं। हरियाणा वालों के लिए तो राम नाम दिनचर्या का हिस्सा है। पूरी दुनिया में भगवान् राम के प्रति आस्था रखने वाले करोड़ों लोगों के दिलों में चढ़ावा चोरी और घोटाले के पूरे घटनाक्रम को लेकर पीड़ा है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावे के लुटेरों ने तो गजनी को भी पीछे छोड़ दिया। गजनी ने तो हमला करके लूटा जबकि इन्होंने तो राम मंदिर में घुसकर लूटा। उन्होंने सवाल किया कि लुटेरों की ये टीम किसने खड़ी की थी, सारा देश इस घटना से दुखी है और ये जानना चाहता है कि इन लुटेरों को राम मंदिर के चढ़ावे की संभाल करने की जिम्मेदारी किसने दी थी। चढ़ावे पर डाका डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की बजाय लीपापोती की कार्रवाई क्यों की जा रही है। आज ही बद्रीनाथ मंदिर में घोटाले की खबर भी सामने आई है। इस सारे मसले पर सरकार और सरकार के मुखिया भी चुप हैं।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कांग्रेस पार्टी की तरफ से मांग करी कि पूरे घोटाले में शामिल सभी प्रभावशाली व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए। अब तक की कार्रवाई से तो ऐसा लगता है कि चोरी करने वाले और जांच करने वालों के तयार आपस में जुड़े हुए हैं। इसलिए हमारी मांग है कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल भंग किया जाए और चढ़ावे और चंदे का पूर्ण फॉरेंसिक ऑडिट किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को चौकीदारी की जिम्मेदारी दी गई थी वो आज सत्ता के शिखर पर बैठकर मौन क्यों हैं? जब तक न्याय नहीं होगा तब तक कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कुछ तो है जो सरकार छुपाना चाह रही है। मामला केवल प्रशासनिक त्रुटि का नहीं है बल्कि बड़े घोटाले का इस घोटाले की जवाबदेही कौन लेगा। चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे से काम नहीं चलेगा। पूरा देश सच्चाई जानना चाहता है, कि लुटेरे कौन थे, इनको जिम्मेदारी किसने सौंपी और जिसने जिम्मेदारी सौंपी वो मौन क्यों है? ट्रस्ट का नया महासचिव जिनको बनाया गया है, उन पर पूरे प्रकरण को दबाने और लीपापोती करने के आरोप सार्वजनिक रूप से लगाए जा चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच से डर किस बात का है। ये प्रश्न आज सभी देशवासियों के दिलों में है।
उन्होंने आगे कहा कि बिना सरकारी संरक्षण के इतना बड़ा घोटाला संभव नहीं हो सकता है। डबल इंजन सरकार दोषियों को क्यों बचा रही है? उन्होंने कहा कि अब ये जगजाहिर हो चुका है कि ट्रस्ट के गठन में प्रधानमंत्री कार्यालय की प्रमुख भूमिका रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री अपनी जवाबदेही से कैसे मुंह मोड़ सकते हैं। प्रधानमंत्री इस पूरे प्रकरण पर मौन क्यों हैं? पूरे विश्व में रामभक्त सच्चाई जानना चाहते हैं। प्रधानमंत्री देशवासियों को जवाब दें। उन्होंने सभी देशवासियों, राम भक्तों की ओर से ट्रस्ट की व्यवस्था को शंकराचार्यों, धर्माचार्यों, साधु-संतों और सदियों तक रामजन्मभूमि के संघर्ष की ज्योति जगाये रखने वाले अयोध्या के लोगों को सौंपे जाने की मांग की।
इससे पहले लखनऊ पहुंचने पर दीपेन्द्र हुड्डा की आगवानी करने प्रदेश अध्यक्ष अजय राज्य एयरपोर्ट पहुंचे और उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेन्द्र भारद्वाज पूर्व MLC दीपक सिंह, पूर्व सांसद ए.पी. गौतम, गुड़गांव ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष वर्धन यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

