दरभंगा (सूरज ठाकुर) : शहर के केएस कॉलेज के निकट पीपल के पेड़ के पास उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब पुलिसकर्मियों और कुछ स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई।
मौके पर मौजूद पत्रकार द्वारा जब घटना की जानकारी लेने और संबंधित पुलिसकर्मियों से बात करने का प्रयास किया गया तो वहां मौजूद एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी ने कहा कि बिना वर्दी वाला व्यक्ति “हमारे साथ है।” आरोप है कि बिना वर्दी वाला व्यक्ति धक्का-मुक्की करने लगा और ऊंची आवाज में बोलने लगा।
जब पत्रकार ने घटना को लेकर सवाल पूछे तो पुलिसकर्मी ने किसी स्पष्ट जवाब के बजाय कहा, “जो होना था, हो गया… छोड़ो, बात खत्म करो।”
घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस के साथ मौजूद था तो उसे आम नागरिकों के साथ धक्का-मुक्की करने का अधिकार किस आधार पर मिला ? वहीं, यदि कोई पुलिसकर्मी भी ऐसा करता है तो उसकी जवाबदेही और आचरण को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।
फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना की वास्तविक परिस्थितियों और तथ्यों की पुष्टि के लिए आधिकारिक पक्ष का इंतजार किया जा रहा है।

